उत्तराखंड में दूसरे दिन शुक्रवार को दिनभर बारिश और बर्फबारी जारी रही। जिससे राज्य में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। वहीं ठंड की वजह से लोग घर में दुबके रहे। चारधाम सहित सभी वादियां बर्फ के आगोश में हैं। भारी बर्फबारी से सैकड़ों गांवों में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिथौरागढ़, नैनीताल सहित कुमाऊं मंडल के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।
Snowfall in Uttarakhand: दूसरे दिन भी बारिश-बर्फबारी, वादियों पर बिछी चांदी, सैकड़ों गांव बर्फ से ढके, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चमोली जिले में दूसरे दिन भी मौसम बदला रहा। बदरीनाथ सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप जारी है। बदरीनाथ धाम में पांच फीट तक बर्फ जम चुकी है, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब सात फीट बर्फ जम गई है। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित 200 से अधिक गांव भी बर्फ से ढक गए हैं, जिससे ग्रामीण अपने गांवों में ही कैद होकर रह गए हैं, वहीं जिले के विभिन्न संपर्क मार्गों पर बर्फबारी से आवाजाही प्रभावित हो गई है।
गौरसों बुग्याल, औली, फूलों की घाटी के अलावा रुद्रनाथ, लाल माटी, जोशीमठ, सुतोल, कनोल, डुमक, कलगोठ, उर्गम, भेंटी, पाणा, ईराणी सहित दर्जनों गांव बर्फ से ढके हुए हैं। चमोली जिले में गोपेश्वर-चोपता, बदरीनाथ हाईवे हनुमान चट्टी से आगे, जोशीमठ-औली, जोशीमठ-मलारी हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। कई सड़कों पर बर्फ जमने से फिसलन हो गई है, जिससे वाहनों के आवागमन में दिक्कत आ रही है। विकास खंड पोखरी के भी कई गांव बर्फ से ढके हुए हैं।
भारी बर्फबारी से टिहरी जिले में चंबा-मसूरी फलपट्टी के गांव और धनोल्टी क्षेत्र सफेद बर्फ की चादर से ढक गया है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण चंबा-मसूरी रोड पर दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही बाधित रही। धनोल्टी बाजार की विद्युत आपूर्ति दूसरे दिन भी बहाल नहीं हो पाई, जिससे वहां फंसे पर्यटकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को जिले के सेम-मुखेम, गंगी और घुत्तू सहित जिला मुख्यालय में भी हल्की बर्फबारी हुई।
चंबा-मसूरी फलपट्टी के चोपड़ियाल गांव, जड़ीपानी, काणाताल, सुरकंडा देवी मंदिर और धनोल्टी क्षेत्र में शुक्रवार को भी जमकर बर्फबारी हुई है, जिससे चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर चोपड़ियाल गांव से आगे वाहनों का आवागमन ठप हो गया। वाहनों के बर्फ में फंसने के कारण पर्यटकों को होटलों में ही रुकना पड़ा। एनएच ने सड़क पर पसरी बर्फ हटाने के लिए अलग-अलग जगहों पर जेसीबी लगाई है।