बंगलूरू के तीर्थयात्रियों को हरिद्वार से यमुनोत्री लेकर जा रही एक मिनी बस ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर बेमुंडा के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
बस में चालक-परिचालक सहित कुल 27 यात्री शामिल थे। दुर्घटना में सात यात्री चोटिल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नरेंद्रनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। बुधवार को बस हरिद्वार से तीर्थयात्रियों को लेकर यमुनोत्री जा रही थी।
शाम करीब 4.45 बजे के बस बेमुंडा के समीप विपरीत दिशा आ रही एक टाटा सूमो को पास देते वक्त मिट्टी के ऊपर जा कर सड़क पर जा पलटी। बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस से लोगों को बाहर निकाला गया।
दुर्घटना में पार्वती (70) पत्नी पदमा, सुमति (45) पत्नी कुमार बी, विजया (48) पत्नी सुब्रहमणियम, रुकमणी (57), शेखर (57) पुत्र मुरगेश, गीता (47) बंकतेश, विद्या (47) पत्नी महेश सभी निवासी श्रीराम पुरम बंगलूरू चोटिल हो गए।
अन्य सभी 20 यात्री सुरक्षित हैं। दुर्घटना की सूचना पर डीएम सोनिका भी मौके पर पहुंची। इधर, केदारनाथ से गंगोत्री जा रहा एक टैंपो ट्रैवलर चमियाला-लंबगांव मोटर मार्ग पर घेरका बैंड पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार आठ लोग चोटिल हो गए। प्रशासन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही यात्री दूसरे वाहन से उत्तरकाशी के लिए रवाना हो गए।