गर्मी शुरू होने वाली है। ऐसे में अगर आपके पास बिजली का कनेक्शन नहीं है तो जल्दी से इस योजना का लाभ उठाएं। अब फ्री में बिजली का कनेक्शन मिल जाएगा।
केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना से बीपीएल और एपीएल राशनकार्ड धारकों के घर रोशन होंगे। गर्मी में बिजली की खासी जरूरत पड़ती है। तो यह योजना आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकती है। बीपीएल कार्डधारकों को मुफ्त और एपीएल कार्डधारकों को 50 रुपये जमा कराने पर बिजली कनेक्शन दिया जाएगा।
जबकि पहले एपीएल कार्डधारकों को कनेक्शन लेने के लिए एकमुश्त 1400 रुपये जमा कराने पड़ते थे। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को योजना का शुभारंभ करते हुए 80 आवेदकों को कनेक्शन से संबंधित पत्रावलियां सौंपी।
बोट क्लब स्थित ऊर्जा निगम के उप महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में विधायक प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि अब गरीबों के घर आसानी से बिजली पहुंचेगी। अभी तक कुछ लोग गरीबी के चलते कनेक्शन नहीं ले पा रहे थे। इस योजना के तहत बीपीएल कार्डधारक को मुफ्त में कनेक्शन दिया जा रहा है।
जबकि एपीएल कार्डधारक को 50 रुपये जमा करने पर कनेक्शन दिया जाएगा। एपीएल कार्डधारक को कनेक्शन के लिए कुल 500 रुपये जमा करने होंगे। प्रत्येक बिल में 50 रुपये किश्त के रूप लिए जाएंगे। 10 महीने में यह राशि वसूली जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक कनेक्शन के साथ उपभोक्ता को नौ वाट की एक एलईडी, होल्डर, एमसीबी, सॉकेट और पीवीसी वायर निशुल्क दी जाएगी। इस दौरान मंत्री ने 80 लोगों को कनेक्शन से संबंधित पत्रवलियां सौंपी।