कबाड़ी के पास इतने सारे आधार कार्ड देखकर पुलिस के भी हाथ पैर फूल गए। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शहर में हड़कंप मच गया।
धारचूला में एक कबाड़ी के पास आधार कार्डों का जखीरा होने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी मशीनरी में खलबली मच गई है। एसडीएम आरके पांडे ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मामला सार्वजनिक होने के बाद कबाड़ी फरार है। उसके कबाड़ के गोदाम में ताला लगा है।
रविवार को सोशल मीडिया पर एक कबाड़ी के पास आधार कार्डों का जखीरा होने की बात सार्वजनिक हुई। सोशल मीडिया (वाट्सएप) पर आधार कार्ड के ढेर की फोटो भी डाउनलोड की गई है। सैकड़ों की संख्या में दिख रहे आधार कार्डों में अधिकतर बच्चों के कार्ड बताए जा रहे हैं। मामला करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है।
धारचूला एसडीएम आरके पांडे ने बताया कि प्रकरण के सामने आने के बाद राजस्व उप निरीक्षक सदर हुकुम धामी और उत्तराखंड पुलिस के उप निरीक्षक नरेंद्र अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच टीम ने कई जगह कबाड़ी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। राजस्व उप निरीक्षक धामी का कहना है कि कबाड़ी के सामान की भी तलाशी ली जाएगी।
आवश्यकता पड़ने पर उसके घर की भी तलाशी ली जाएगी। अनुमान है कि कबाड़ी ने आधार कार्ड कहीं छिपा दिए होंगे। लोगों ने इसे सरकारी योजना और जनता के साथ खिलवाड़ बताते हुए कबाड़ी तक आधार कार्ड पहुंचाने वाले तत्वों की भी धरपकड़ की मांग की है।