यहां आधार कार्ड लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। जिससे लोगों में हाहाकार मच गया है। इसमें जिला पूर्ति विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है।
देहरादून में राशन कार्डों के आधार से लिंक न होने पर डीलरों और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। मंगलवार को कालसी गोदाम से जुड़े सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलाब सिंह नेगी कई डीलरों के साथ डीएसओ कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने डीएसओ विपिन कुमार से मुलाकात कर बताया कि उन्होंने उपभोक्ताओं के राशन कार्ड और आधार कार्ड की फोटो कॉपी समय से जमा करा दी थी। उसके बाद भी अभी तक कार्डों को आधार से लिंक नहीं किया गया है। जिस कारण वह मशीन से राशन वितरण नहीं कर पा रहे हैं। राशन वितरण न होने से उन्हें उपभोक्ताओं के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। डीएसओ ने उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
वहीं देहरादून जिले के साहिया में जिला पूर्ति विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र में अनेक लोगों के राशन कार्ड आधार से लिंक नहीं हो सके हैं। जिसके चलते लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है। विरोध में कालसी गोदाम से जुड़े सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता एसोसिएशन ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र लिखकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। समस्या दूर न होने पर जून से राशन का वितरण न करने की चेतावनी दी।
पूर्ति अधिकारी को भेजे पत्र में राशन डीलरों ने कहा कि समय पर उपभोक्ताओं के आधार कार्ड जमा कराने के बाद भी अब भी कई ऐसे उपभोक्ता हैं जिनके आधार राशन कार्ड से लिंक नहीं हो सके हैं। कार्ड के आधार से लिंक न होने के कारण मशीन उपभोक्ताओं का नाम नहीं दर्शा रही है। राशन वितरण करने में दिक्कतों के साथ ही डीलरों को उपभोक्ताओं के गुस्से का शिकार भी होना पड़ रहा है। डीलरों को अभी तक एक साल का भाड़ा भी नहीं मिला है। कई यदि इस माह के अंत तक समस्या दूर नहीं होती तो अगले माह से उन्हें राशन का वितरण बंद करने को बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन भेजने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलाब सिंह नेगी, सूरत सिंह, रणवीर सिंह चौहान, जीतराम, चतर सिंह चौहान, मुन्ना सिंह चौहान, मुन्ना सिंह, नंदाराम, जयपाल सिंह नेगी आदि शामिल रहे।