बेटे की एक साल पहले ही शादी हुई थी। लेकिन कभी सोचा नहीं था कि घर के तीनों लोग इस तरह से एक साथ दुनिया छोड़ जाएंगे।
पौड़ी-कोटद्वार राजमार्ग में पीपलपानी के पास एक कार के गहरी खाई में गिरने से डांग ऐठाणा श्रीनगर निवासी पति-पत्नी और उनके युवा पुत्र की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मृतकों के शवों को गहरी खाई से निकाला गया।
एकेश्वर ब्लॉक के छामा गांव के मूल निवासी महिताब सिंह रावत (50 वर्ष) बुधवार सुबह अपनी पत्नी सूमा देवी (45) और पुत्र नवीन चंद्र (27) के साथ कार से डांग ऐठाणा श्रीनगर से छामा गांव जा रहे थे। कार उनके बेटे नवीन चला रहे थे।
करीब पौने आठ बजे वे ज्वालपा देवी मंदिर से पहले पीपलपानी के पास पहुंचे ही थे कि कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग चार सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार तीनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाल प्रमोद उनियाल पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। कोतवाल के मुताबिक महिपाल सिंह रावत पूर्व सैनिक थे, जबकि उनके पुत्र नवीन चंद्र मर्चेंट नेवी में थे। नवीन की एक साल पहले ही शादी हुई थी।