एग्जाम फीस लेने के विरोध में बीएसएम पीजी कालेज गेट के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर स्टाफ के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें पांच छात्र-छात्राएं चोटिल हो गए। बीच-बचाव करने आया एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
इससे गुस्साए छात्रों ने कालेज में पथराव कर दिया। कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पुलिस गंगनहर कोतवाली पहुंची तो यहां भी इन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर दिया। पुलिस ने स्टाफ के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के नेतृत्व में सेमेस्टर की एग्जाम फीस लिए जाने के विरोध में छात्र-छात्राएं कालेज गेट पर धरना दे रहे थे। धूप तेज होने पर एबीवीपी कार्यकर्ता छांव के लिए टेंट लगाने लग गए। आरोप है कि इसी दौरान कालेज के भीतर से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने लाठी-डंडों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को पीटना शुरू कर दिया।
इससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। कुछ देर बाद छात्र और एबीवीपी कार्यकर्ता एकजुट हुए और उन्होंने कालेज भवन पर पथराव कर दिया। सूचना पर सीओ रुड़की स्वप्न किशोर सिंह, गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी और कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने हंगामा कर रहे छात्रों को मौके से खदेड़ा और कालेज में घुसकर स्टाफ के दो लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही हंगामा कर रहे कुछ एबीवीपी कार्यकर्ताओं को भी पकड़कर गंगनहर कोतवाली लेकर पहुंच गई। यहां भी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हंगामा कर दिया। साथ ही प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर लाठी-डंडे बरसाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।