सोमवार को तड़के हरिद्वार के गंगा घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा का पवित्र स्नान शुरू हो गया। हालांकि हरिद्वार में बाहरी श्रद्धालुओं पर पाबंदी लगाने से तीर्थ नगरी के गंगा घाटों पर सीमित भीड़ दिखाई दी।
हरिद्वार में हरकी पैड़ी सहित अन्य गंगा घाटों पर स्थानीय लोग ही स्नान करते दिखे। जिस वहज से ज्यादा भीड़ जमा नहीं हुई। घाटों पर बैरिकेडिंग और पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए कार्तिक पूर्णिमा पर हरकी पैड़ी समेत अन्य गंगा घाटों पर बाहरी श्रद्धालु स्नान नहीं कर पाए। रविवार को डीएम ने स्थानीय लोगों को शर्तों के साथ गंगा स्नान करने की अनुमति दी।
हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा स्नान पर प्रतिबंध के चलते बाहरी प्रदेशों से पहुंचे दो हजार से अधिक वाहनों को पुलिस ने बॉर्डर से ही लौटा दिया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिए बिहार में चुनाव कराए और आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में भी चुनाव कराए जाएंगे।