मैनचेस्टर में भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर करारी हार का स्वाद चखा दिया। पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद देशभर में दिवाली मनाई गई। लोग तिरंगा लेकर सड़क पर निकल पड़े।
हिंदुस्तान की जीत के साथ ही पूरा दून जश्न में झूम उठा। घंटाघर पर युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रात को भी तिरंगा हाथ में लिए भारत माता की जय के नारे लगाते हुए युवा जोश से लबरेज नजर आए। हालांकि घंटाघर और इनामुल्ला बिल्डिंग पर पुलिस मुस्तैद रही।
रविवार को जैसे भारत-पाक का मैच शुरू हुआ तो सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। लोग जहां थे, वहीं मैच का लुत्फ लेने में जुट गए। होटल हो या रेस्टोरेंट, सभी जगहों पर लोगों की नजरें टीवी स्क्रीन पर अटक गई। पहले भारतीय टीम ने बल्लेबाजी शुरू की। उत्साह बढ़ने लगा।
जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया, उत्साह चरम तक पहुंचता चला गया। इसके बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हुई तो शाम हो चुकी थी। रात के अंधेरे में भी लोग मैच को लेकर उत्साहित नजर आए। जैसे-जैसे विकेट गिरते गए, जोश और बढ़ता चला गया।
घंटाघर पर युवाओं को हुजूम उमड़ पड़ा। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस मुस्तैद दिखी। बारिश के बाद जैसे ही पाकिस्तान के सामने 40 ओवर में 302 रन का लक्ष्य आया तो जश्न शुरू हो गया। देर रात तक लोग मैच का जश्न मनाते नजर आए।