ऋषिकेश के बनखंडी में सुबह सवेरे हुई दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक युवक ने घर में घुसकर युवती की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस की मानें तो आरोपी युवक और युवती के बीच पिछले करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती उससे शादी से इन्कार कर रही थी, यही उसकी हत्या की वजह बना।
हत्याकांड के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि युवक अजय यादव और युवती कल्याणी यादव के बीच प्रेम की युवती के घरवालों को भी जानकारी थी। युवक लगातार शादी के लिए युवती पर दबाव बना रहा था। युवती के पिता ने युवक से यहां तक कहा था कि अगर उनकी बेटी शादी के लिए हां कह दें, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं। मगर, युवती शादी के लिए मना करती रही।
युवती की एक सहेली ने अलबत्ता युवक और युवती की कोर्ट मैरिज का राज खोला। उसने बताया कि उन दोनों में करीब पांच साल से प्रेम संबंध थे और दोनों ने छह महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी। उसके बकौल कोर्ट मैरिज की बात युवती ने अपने घर में भी बताई थी। लेकिन युवक अपने घर में यह बात बताने से बच रहा था। युवती लगातार युवक पर साथ रहने का दबाव बना रही थी।
युवक युवती को समय भी नहीं दे रहा था, लिहाजा युवती ने युवक के साथ न रहने का फैसला लिया था। उसने युवक को भी उससे दूर रहने को कहा। लेकिन अब युवक युवती पर साथ रहने का दबाव बना रहा था। युवती उसके साथ जाने को तैयार नहीं थी। इससे युवक बेहद नाराज था।
घटना के कारणों को लेकर पुलिस अफसरों के बयान अलग अलग हैं। जहां पुलिस क्षेत्राधिकारी मामले को प्रेस प्रसंग बता रहे हैं, एसपी ग्रामीण पद्मेंद्र डोभाल का कहना है कि घटना का कारण जांच के बाद ही पता चल सकेगा। वारदात के कारणों की पुष्टि विवेचना के बाद ही हो पाएगी।