अगर आपको अपना कारोबार शुरु करना है तो आपको यहां ऐसे मददमिल सकती है। इसमें आपको बड़ा फायदा होगा।
अनुसूचित जाति के बीपीएल परिवार के बेरोजगार युवकों को रोजगार मुहैया कराने के लिए बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम ने अनूठी पहल की है। मुख्य विकास अधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया कि अनुसूचित जाति के बीपीएल परिवार के बेरोजगार युवक एवं युवतियों को निगम की स्वत: रोजगार योजना के अंतर्गत अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए वित्त पोषित किया जा रहा है।
सीडीओ ने बताया कि इसके लिए 10 फरवरी तक आवेदन किये जा सकते हैं। ऋण योजना के बारे में जानकारी देते हुए सीडीओ ने बताया कि निगम की स्वत: रोजगार योजना के अंतर्गत 20 हजार से सात लाख तक की योजना को बैंक से वित्त पोषित किया जा रहा है।
योजना के तहत 10 हजार रुपये अनुदान, 25 प्रतिशत मार्जिन मनी ऋण एवं शेष धनराशि बैंक ऋण के रूप में दी जाएगी। इसके लिए आवेदक की उम्र 18 से 55 वर्ष के बीच तथा वार्षिक आय ग्रामीण क्षेत्र में 52800 तथा शहरी क्षेत्र में 64920 से कम होनी चाहिए। आवेदक को आवेदन पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र, बीपीएल प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड जैसे दस्तावेजों को संलग्न करना होगा।
आवेदक अपना आवेदन पत्र ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी कार्यालय में एवं शहरी क्षेत्र में जिला समाज कल्याण अधिकारी पदेन जिला प्रबंधक के रोशनाबाद स्थित कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।