यकीनन, आपने ऐसी शादी पहले कभी नहीं देखी होगी। जब डॉन की शादी कराने के लिए पुलिसवाले ही घराती और बाराती दोनों बन गए। जेल से पेरोल पर बाहर आकर कैदी ने सात फेरे लिए। तस्वीरें बेहद खास...
कुख्यात सुनील राठी गिरोह का बदमाश सचिन खोखर शनिवार को पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे में रामनगर स्थित बारातघर में आयोजित साधारण समारोह में अपनी मंगेतर शैवी चौधरी के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध गया।
शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद नवविवाहित पति-पत्नी ने परिजनों से आशीर्वाद लिया। पूरे समारोह की पुलिस ने वीडियोग्राफी करवाई। उसके बाद सचिन खोखर को पुलिस जेल ले गई। जबकि नवविवाहिता को दूल्हे पक्ष के परिजन अपने साथ ले गए।
पांच अगस्त, 2014 को रुड़की उपकारागार के मुख्य द्वार पर हुई गैंगवार के आरोप में बागपत जिले के हलालपुर गांव निवासी सचिन खोखर इन दिनों नैनीताल जेल में बंद हैं। गैंगवार से पहले उसका रिश्ता शास्त्रीनगर गाजियाबाद निवासी शैवी चौधरी से हुआ था लेकिन, शादी से पहले सचिन जेल चला गया।
तब से शादी टलती आ रही थी। सचिन के अधिवक्ता संजीव वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति पर चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश, हरिद्वार की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर विवाह के लिए सचिन को पैरोल देने की गुहार लगाई थी। इस पर न्यायालय ने चार घंटे का पैरोल मंजूर किया।