स्मार्ट सिटी ने गत सोमवार की काली रात की परतों को उठाना शुरू किया तो इस बीच कई ऐसे सच सामने आए हैं, जिनके बारे में रह-रहकर चर्चाएं हो रही हैं। युवाओं की यह कार वाडिया इंस्टीट्यूट से बल्लीवाला, गोविंदगढ़ और फिर कांवली रोड स्थित पुलिस चौकी तक पहुंची थी। इसके बाद फिर यहीं से यू-टर्न लिया और दोबारा जीएमएस रोड की ओर मुड़ गई। बस यही यू-टर्न इन छह युवाओं की मौत का यू-टर्न बन गया।
Dehradun Accident: 14 सेकेंड में पार की 600 मीटर दूरी, कार ने कांवली रोड पुलिस चौकी से लिया था मौत का यू-टर्न
Dehradun Accident News: गत सोमवार देर रात करीब दो बजे एक तेज रफ्तार कार ओएनजीसी चौक पर वहां से गुजर रहे कंटेनर के पिछले हिस्से में टकरा गई थी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही छह दोस्तों की मौत हो गई थी।
इनोवा का रूट
- रात 01.08.08 बजे- वाडिया इंस्टीट्यूट
- रात 01.08.57 बजे- बल्लीवाला
- रात 01.09.32 बजे- गोविंदगढ़
- रात 01.10.13 बजे- कांवली रोड पुलिस चौकी
यूटर्न लिया - रात 01.16.07 बजे- कांवली रोड पुलिस चौकी
- रात 01.16.52 बजे- गोविंदगढ़
- रात 01.17.27 बजे- बल्लीवाला
- रात 01.19.40 बजे- सिनर्जी अस्पताल/बीएमडब्ल्यू कार के साथ
- रात 01.19.40 बजे- ओएनजीसी चौक पर हादसा हुआ
- रात एक बजकर 31 मिनट पर कंट्रोल रूम को सूचना मिली
14 सेकेंड में पार की 600 मीटर की दूरी, रफ्तार लगभग 154 किमी प्रतिघंटा
इनोवा कार की स्पीड यूटर्न के बाद वापसी में गोविंदगढ़ में लगभग 64 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। इसके बाद बल्लीवाला तक का सफर 35 सेकेंड में तय किया। इस हिसाब से स्पीड करीब 77 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। यहीं से अगली दूरी 2.8 किलोमीटर की 120 सेकेंड में पूरी की। सिनर्जी तक यह स्पीड लगभग 84 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। यहीं से शुरू हुई काल की स्पीड। ओएनजीसी चौक तक का 600 मीटर का सफर कार ने केवल 14 सेकेंड में तय किया। इस हिसाब से स्पीड 154 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। यानी साफ है कि जब कार दुर्घटनाग्रस्त हुई तो उसकी स्पीड करीब 150 किलोमीटर प्रतिघंटा ही रही होगी।
किशननगर चौक से ओएनजीसी चौक तक चार मिनट में पहुंचा कंटेनर
हादसे का कारण बना कंटेनर सामान्य स्पीड से सफर तय कर रहा था। कंटेनर रात 1.15 बजे किशननगर चौक पर दिखाई दिया। जबकि, वह ओएनजीसी चौक पर रात 1.19 बजे पहुंचा था। यानी यह करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी उसने चार मिनट में तय की। इस हिसाब से उसकी स्पीड करीब 20 से 22 किलोमीटर प्रतिघंटा ही रही होगी।
बल्लूपुर चौक से आगे निकली लग्जरी कार, फिर लगाई रेस
स्मार्ट सिटी के कैमरों से पता चला है कि लग्जरी कार ने इनोवा कार को बल्लूपुर चौक पर क्रॉस किया था। शायद उसका आगे निकलना युवाओं से बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने इससे रेस लगाना शुरू कर दिया। सिनर्जी से स्पीड बढ़ी तो इतनी बढ़ी कि आगे ओएनजीसी चौक पर संभली ही नहीं और कार कंटेनर से जा टकराई।