प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे मिशन स्वाभिमान में किच्छा क्षेत्र की एक नई नवेली दुल्हन ने पूरे समाज को आइना दिखाकर मिसाल पेश की है।
शादी के जोड़े में दुल्हन जैसे ही अपनी ससुराल पहुंची तो उसे पता चला कि घर में शौचालय नहीं है और खुले में शौच करना होता है। इस पर पत्नी ने पति से दो टूक कह दिया कि शौचालय नहीं है, इसलिए मैं तो चली मायके, अब तभी लौटूंगी जब घर में शौचालय बनाओगे।
पति ने भी अपनी गलती मानते हुए तीन दिन के भीतर घर में शौचालय का निर्माण करा दिया तो दुल्हन फिर पति संग मायके से ससुराल आ गई। इस बात का जब डीएम डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव को पता चला तो उन्होंने दुल्हन को दो अक्तूबर को सम्मानित करने की घोषणा कर दी।
मामला किच्छा क्षेत्र के खुरपिया फार्म स्थित एक गांव का। चार सितंबर को किच्छा क्षेत्र के ही तुर्कागौरी गांव से शादी करके ससुराल आई सोनी ने ससुराल में दुल्हन के जोड़े में कदम रखा। कुछ देर बाद ही सोनी को पता चला कि उसके ससुराल में तो शौचालय है ही नहीं। उसने सोचा कि जिस घर में शौचालय ही नहीं, वहां उसका पति उसे कैसे स्वाभिमान से रखेगा।
तुरंत फैसला लेते हुए बिना लड़े झगड़े उसने अपने पति सुशील से दो टूक शब्दों में कह दिया कि पतिदेव पहले घर में शौचालय का निर्माण कराओ, तभी मैं इस घर में रह पाऊंगी। इतना कहकर सोनी मायके चली दी। रिश्तेदारों ने भी सोनी के इस कदम को गलत नहीं माना और एक नसीहत के तौर पर लिया।