उत्तराखंड के कोटद्वार में मंगलवार देर शाम स्कूल ड्रेस विक्रेता द्वारा अभिभावक के साथ की गई अभद्रता के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया।
जनप्रतिनिधियों के साथ कान्वेंट स्कूल के अभिभावकों ने कोटद्वार तहसील में प्रदर्शन किया। बताया कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय को भी इस बाबत ज्ञापन भेजा गया है।
अभिभावकों ने आज पहले स्कूल ड्रेस विक्रेता की दुकान के सामने प्रदर्शन किया। उसके बाद दुकान में घुस कर खरी खोटी सुनाई। आक्रोशित लोगों ने दुकानदार को बाहर निकालकर पीटने का प्रयास किया। एक घंटे के हंगामे के बाद पहुंची पुलिस ने दुकानदार को बचाया। पार्षदों ने दुकानदार के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
बता दें कि शहर के एक स्कूल ड्रेस विक्रेता ने ड्रेस खरीदने गए अभिभावक से अभद्रता की थी। उन्हें धक्का-मुक्की कर दुकान से बाहर निकालने का वीडियो वायरल हो गया था। जिससे अन्य अभिभावकों में भी आक्रोश फैल गया।
अभिभावकों की ओर से संबंधित विद्यालय प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल ड्रेस विक्रेता मनमाना दाम वसूलता है। विरोध करने पर वह इससे पहले भी कई लोगों के साथ अभद्रता कर चुका है।