अमर उजाला भविष्य ज्योति कार्यक्रम के तहत शारदा पब्लिक स्कूल सभागार में हुए कार्यक्रम में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई बोर्ड में दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में जिलास्तर पर अव्वल रहे जिले के सौ से अधिक मेधावियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के हाथों प्रमाण पत्र और मैडल पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे। प्रशिक्षु आईएएस विशाल मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी ने भी मेधावियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए।
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान 2019: 100 होनहारों का हुआ सम्मान, मेडल देख खिले चेहरे, तस्वीरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समारोह में मुख्य अतिथि डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि बच्चे अपने भीतर इस बात को लेकर कभी हीन भावना न लाएं कि वह छोटे शहर से हैं। अनुशासन और जज्बे को कायम रखते हुए लक्ष्य प्राप्त करें। अपना लक्ष्य निर्धारित करके मेहनत और लगन से पढ़ाई करने पर सफलता अवश्य मिलती है। मेधावी बच्चों को सम्मान के लिए आयोजित अमर उजाला के भविष्य ज्योति कार्यक्रम की भी सराहाना की। प्रशिक्षु आईएएस विशाल मिश्रा ने कहा कि आईएएस बनने के लिए बहुत सारे प्रश्न पत्र हल करने होते हैं। कठिन परीक्षा का डर दिमाग से निकाल दें।
असफलता ही आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। अपनी कमियां और ताकत पहचानें। तभी जीवन में सफल हो सकते हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी ने कहा कि जीवन में अनुशासन आगे बढ़ने की दिशा तय करता है। उप शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी ने सरकारी विद्यालयों में संचालित रूपांतरण कार्यक्रम की जानकारी दी। इससे पहले डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शारदा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने वंदना प्रस्तुत की। विद्यालय की प्रधानाचार्या विनीता शेखर ने डीएम और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
छात्र गौरव ने गीत गाकर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में जीआईसीटी संस्थान चौघानपाटा अल्मोड़ा की ओर से बच्चों, अभिभावकों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर शारदा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक शेखर लखचौरा, जीआईसीटी के प्रबंधक प्रभाकर सिंह, प्रबंधक ज्ञान प्रकाश उपाध्याय, उप शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई, हरीश रौतेला, तारा सिंह, एडीपीआरओ हरीश आर्या, मेधावी बच्चे, उनके अभिभावक और विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थीं। संचालन शारदा पब्लिक स्कूल की शिक्षिका गीता जोशी और रक्षिता जोशी ने किया।
अल्मोड़ा के खत्याड़ी निवासी दिव्यांग मेधावी अभिषेक सिंह कनवाल ने नवाड़खेड़ा हल्द्वानी स्थित विद्यालय से 91.8 फीसदी अंक प्राप्त किए। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने सबसे पहले अभिषेक को अमर उजाला भविष्य ज्योति पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित अभिषेक के जीवन से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में अन्य बच्चों की तरह ही प्रतिभा होती है। ऐसे बच्चों के लिए अल्मोड़ा में सेंटर खोला जा रहा है। यह सेंटर जुलाई माह से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में संचालित होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।