कई दिनों से लगातार हो रही बर्फबारी के बाद रविवार को धूप निकली तो उत्तराखंड की वादियां चांदी सी चमक उठीं। चटख धूप खिलने से हालांकि बर्फ तो ज्यादा नहीं पिघली लेकिन ठंड थोड़ी कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली। तस्वीरों में देखिए...
चमोली जिले में मौसम सामान्य होने के बावजूद भी जिले के पचास से अधिक गांव अभी भी बर्फ के आगोश में हैं। पैदल रास्तों में भी बर्फ बिछी होने से ग्रामीणों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुदूरवर्ती गांवों के ग्रामीणों ने रविवार को धूप छिटकने के बाद अपने घर के आंगन और छतों से स्वयं ही बर्फ हटाई। पोखरी, दशोली, जोशीमठ और घाट क्षेत्रों में कई गांवों में अभी भी लगभग दो फीट बर्फ जमी हुई है। वहीं कई जगह बच्चों ने बर्फ का खूब लुत्फ उठाया।
घाट-रामणी, चमोली-मंडल-ऊखीमठ और जोशीमठ-औली सड़क पर बिछी बर्फ में वाहनों के पहिए रपट रहे हैं। बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए भारी संख्या में पर्यटक औली और कांचुलाखर्क पर्यटन स्थलों में पहुंचे। दिनभर पर्यटकों ने बर्फ का लुत्फ उठाया। औली में तीन दिनों तक हुई ताजी बर्फबारी के बाद यहां स्कीइंग करने के लिए स्थानीय लोगों का हुजूम भी उमड़ रहा है।
रुद्रप्रयाग में भी मौसम सुहावना बना रहा और चटक धूप खिली रही, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली। इस दौरान ऊपरी गांवों में बर्फ भी तेजी से पिघली। भले ही शाम के शीतलहर का प्रकोप बना रहा। रविवार को सुबह से आसमान साफ रहा। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होती गई, जिससे ठंड का असर कम रहा।