उत्तराखंड की जन्नत कहे जाने वाले औली में होने वाली 200 करोड़ की शादी का चर्चा इन दिनों हर ओर है। जी हां, उद्योगपति गुप्ता बधुंओं के बेटों की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 18 जून से 20 जून तक अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी होगी, जबकि अगले दो दिन का समारोह छोटे भाई अतुल गुप्ता के बेटे शशांक के विवाह समारोह के नाम रहेंगे।
विवाह संपन्न होने के बाद दोनों नवदंपत्ती भगवान शिव और माता पार्वती का आशीर्वाद लेने त्रियुगीनारायण जाएंगे। गुप्ता परिवार के करीबियों के मुताबिक गुप्ता बंधुओं की माता अंगूरी देवी की मंशा थी कि त्रियुगीनारायण में फेरे लिए जाएं। मान्यता है कि देवभूमि उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में त्रियुगीनारायण मंदिर शिव पार्वती के पवित्र विवाह का साक्षी है।
उनके विवाह की अखंड ज्योति आज भी यहां जल रही है। इस ज्योति के दर्शन करने के लिए यहां भक्तों की भीड़ लगी रहती है। शिवरात्रि के मौके पर आने वाले दंपत्तियों का जीवन हमेशा खुशियों से भरा रहता है। मान्यता है कि इस ज्योति की भस्म में सौभाग्य और सफलता मिलती है। इसलिए लोग इसे अपने साथ भी ले जाते हैं। खास बात यह है कि यह ज्योति कभी बुझती नहीं है।
त्रियुगीनारायण मंदिर त्रेतायुग से स्थापित है। यह भी मान्यता है कि इस स्थान पर विष्णु भगवान ने वामन देवता का अवतार लिया था। पौराणिक कथाओं के अनुसार यहां देवी पार्वती ने जब भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए घोर तप किया। उनके नाम पर यहां गौरी कुंड बना है जिसका जल बहुत पवित्र माना जाता है।
उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत, टीवी सीरियल एफआईआर की इंस्पेक्टर चंद्रमुखी चौटाला (कविता कौशिक), गाजियाबाद की आईपीएस अधिकारी अपर्णा गौतम और नैनीताल के एडीएम ललित मोहन रयाल त्रियुगीनारायण मंदिर में विवाह बंधन में बंधे थे।