आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का नेतृत्व कर रहे कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को कहा कि वह आरसीबी फैंस से ज्यादा अपनी टीम को आईपीएल का पहला खिताब दिलाने के लिए हमेशा की तरह बेताब और प्रतिबद्ध हैं।
'फैंस से ज्यादा मैं खुद आईपीएल खिताब जीतने को हूं बेताब'
कोहली ने प्रैक्टिस सेशन के बाद कहा, 'फैंस से ज्यादा मैं आईपीएल का खिताब जीतने को बेताब हूं। मैं पिछले दस साल से इस टीम के साथ हूं और हम तीन बार फाइनल में पहुंचे लेकिन उसे पार नहीं कर पाए। मैं आपको दिलाशा दिलाता हूं कि इस बार खिताब जीतने के लिए मेरी कमिटमेंट 120 प्रतिशत तक होगी।'
उन्होंने आगे कहा, 'पिछले कुछ सालों में आरसीबी का बल्लेबाजी पक्ष मजबूत था, लेकिन इस नीलामी में गेंदबाजी को मजबूती देना हमारे लिये सबसे अच्छी बात रही। इस आईपीएल में मैं अपनी संभावना को लेकर आफी आशावादी हूं।'
बता दें कि यदि पिछले सीजन पर एक बार गौर करें तो आईपीएल में आरसीबी अपेक्षा के अनुरूप उतना खास प्रदर्शन नहीं कर पाया है। हां, ये जरूर है कि टीम तीन बार फाइनल में पहुंचने के बाद भी अब तक खिताब नहीं जीत सका है। पिछले सीजन की यदि बात करे तो आरसीबी की टीम अंतिम स्थान पर रही थी। बता दें कि आरसीबी के पास बल्लेबाजी में इस बार आक्रामकता कुछ कम है लेकिन कोहली ने कहा कि टीम के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण है।
आईपीएल के इस सीजन में फ्रैंचाइजी के पास ठोस स्पिन डिपार्टमेंट है, जिसमें युजवेन्द्र चहल, वाशिंगटन सुंदर, एम अश्विन, पवन नेगी और इंग्लैंड के आलराउंडर मोईन अली शामिल हैं। वहीं तेज गेंदबाज के रूप में उमेश यादव, इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस व़ॉक्स, दिल्ली की नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज और न्यूजीलैंड के टिम साउथी जैसे कई गेंदबाज भी विकल्प के तौर पर शामिल हैं।