बाएं हाथ के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड पहले टेस्ट में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन से निपटने के लिए टीम के जूनियर साथी हैरी नीलसन की मदद लेंगे। गौरतलब है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट छह दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा।
हेड की तरह ही बाएं हाथ के बल्लेबाज दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के नीलसन (100 रन) ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश और भारत के बीच अभ्यास मैच के दौरान अश्विन (2/122) का सामना काफी अच्छी तरह किया। अश्विन को बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ काफी सफलता मिली है। ऑस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश में कम से कम चार बाएं हाथ के बल्लेबाजों को जगह मिलने की उम्मीद है।
हेड ने कहा, 'नीलसन ने अभ्यास मैच में उसका अच्छी तरह सामना किया इसलिए मैं उससे बात (अश्विन का सामना करने को लेकर) करने को लेकर उत्सुक हूं। इससे पहले आईपीएल में मैंने अश्विन का सामना किया है पर टेस्ट क्रिकेट में उनके खिलाफ खेलने का अधिक अनुभव नहीं है। लेकिन हमारे पास ऐसे बल्लेबाज हैं जो स्पिन को अच्छी तरह खेल सकते हैं। देखिए ये सिर्फ एक स्पिनर की बात नहीं है। अगर हम छह दायें हाथ के बल्लेबाजों के साथ खेलते हैं तो वे रविंद्र जडेजा को खिलाएंगे जो अच्छे गेंदबाज हैं। मुझे लगता है कि यह अच्छा मुकाबला होगा।'
हेड का मानना है कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज कोहली पर दबाव बनाने में सफल रहेंगे। विराट दो बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर चुके हैं और इस दौरान एडिलेड में तीन शतक सहित कुल पांच शतक जड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे उन्हें गेंदबाजी नहीं करनी इसलिए मुझे उनकी कमजोरी ढूंढने की जरूरत नहीं है। लेकिन मुझे लगता है कि स्थिति हमारे गेंदबाजों के नियंत्रण में होगी। हमारे तीन तेज गेंदबाजों का सामना करना आसान नहीं है। आखिर वह भी इंसान हैं। अगर हम उन पर पर्याप्त दबाव बनाने में सफल रहे तो यह काम कर सकता है।