आईपीएल सीजन-11 में खिलाड़ियों की नीलामी शुरू होने में अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। आईपीएल प्लेयर ऑक्शन में इस साल कुल 578 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, जबकि सभी आठ टीमें अपने खेमे में सिर्फ 25 खिलाड़ियों को ही शामिल कर सकती हैं।
ऐसे में टीम के संचालक नए चेहरों पर दिल खोल के पैसा लगाने को तैयार हैं, वहीं कई ऐसे दिग्गज खिलाड़ियों की भी लंबी कतार हैं जिन पर शायद ही कोई टीम जुआ खेलना चाहेगी। आइए जानते हैं ऐसे खिलाड़ियों के बारे में जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाल मचाने के बावजूद आईपीएल के इस सीजन में बाहर बैठ सकते हैं।
डेल स्टेन
टी-20 क्रिकेट में अपनी फर्राटेदार गेंदबाजी से विपक्षियों के हौसले पस्त करने वाले डेल स्टेन इस सूची में पहले स्थान पर हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आईपीएल के इस मौजूदा संस्करण में शायद ही कोई टीम इस बेमिसाल खिलाड़ी पर पैसा लगाए। मौजूदा दौर में इस खिलाड़ी की खराब फिटनेस इसकी सबसे बड़ी वजह है।
टीम इंडिया के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की हालिया सीरीज के पहले मैच में स्टेन के दाएं पैर में चोट आ गई थी। बता दें कि डेल स्टेन का बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये है। 90 आईपीएल मैच खेलने वाले डेल स्टेन 6.7 की दर से अब तक 92 खिलाड़ियों को अपना शिकार बना चुके हैं।
स्टीवन फिन
एक और तेज गेंदबाज इंग्लैंड की स्टीवन फिन के साथ भी इसी तरह की समस्या हो सकती है। इस खिलाड़ी का बेस प्राइस और इंजरी इसकी वजह है। 28 साल के फिन का नीलामी में बेस प्राइस 1.5 करोड़ है। हालांकि शायद ही फ्रेंचाइजी इस खिलाड़ी में अपनी दिलचस्पी दिखाए क्योंकि वनडे और टेस्ट क्रिकेट में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले फिन पिछले दो सालों से टी-20 क्रिकेट से दूर हैं।
जेसन होल्डर
जेसन होल्डर वेस्टइंडीज के वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान बन सकते हैं, लेकिन शायद ही यह खिलाड़ी इस आईपीएल में नजर आए। इस खिलाड़ी का बेस प्राइस 1.5 करोड़ है, लेकिन क्रिकेट के शॉर्टेस्ट फॉर्मेट में इन्होंने पिछले कुछ समय से कोई बड़ा कमाल नहीं किया है। होल्डर की बल्लेबाजी की बात करें तो इनका स्ट्राइट रेट बेशक अच्छा हो, लेकिन इन्होंने सिर्फ 10 की औसत से रन बनाए हैं।
माइकल क्लिंगर
पर्थ स्कोचर्स को बुलंदियों पर पहुंचाने वाले 37 साल के ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज माइकल क्लिंगर ने शॉर्ट क्रिकेट में 37 की औसत से 5000 रन बनाए हैं। इस खिलाड़ी की उम्र और हाई बेस प्राइस नीलामी में इनके लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है। आईपीएल नीलामी में माइकल का बेस प्राइस 1.5 करोड़ है, जबकि सभी टीमें उनका बेस प्राइस 50 लाख के आस-पास मानकर चल रही थीं।