टीम इंडिया के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कप्तान विराट कोहली की तुलना सर डॉन ब्रेडमैन से की। गावस्कर ने कहा कि लोग विराट से हर पारी में शतक की उम्मीद करते हैं, बिलकुल वैसे ही जैसे ब्रेडमैन से की जाती थी।
2 of 5
विराट कोहली और रोहित शर्मा
- फोटो : icc twitter
गावस्कर ने एक अंग्रेजी अखबार के लिए अपने कॉलम में लिखा, 'कोहली की निरंतरता बेमिसाल है, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि वह मैच की परिस्थिति को समझकर और टीम की जरूरतों के हिसाब से अपने खेल में बदलाव करते हैं। जब कोहली बल्लेबाजी करने पिच पर पहुंचते हैं तो उनसे शतक की उम्मीद की जाती है। मुझे जहां तक याद है कि ऐसी उम्मीद सिर्फ एक ही बल्लेबाज से की जाती थी और वो थे डॉन ब्रेडमैन।'
लिटिल मास्टर ने आगे लिखा, 'यही कारण था कि ब्रेडमैन ने बेहतरीन औसत अपने नाम की हुई थी। यह ऐसा था कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जब भी अपने हाथ में बल्ला थामे आएगा तो शतक जमाएगा।' कोहली लगभग सभी रिकॉर्ड्स तोड़ने की तरफ बढ़ रहे हैं और अपने आदर्श सचिन तेंदुलकर के नंबर्स के नजदीक पहुंच रहे हैं। गावस्कर ने स्वीकार किया कि वर्तमान समय में कोई भी विरोधी टीम कोहली से नजर मिलाने में घबराती है क्योंकि इससे भारतीय बल्लेबाज की रनों के प्रति भूख बढ़ जाती है।
गावस्कर ने कहा, 'सर डॉन इज्जत के साथ बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर आते थे जबकि विराट एक प्रस्तावित स्वैग के साथ आते हैं। कोई विरोधी टीम उनसे नजर मिलाने में घबराती है। जी हां वह इंसान है जब भारत की फील्डिंग होती है। तब आपको उसके चेहरे पर भाव दिखते हैं। '
बता दें कि विराट कोहली के पास पुणे में खेले जाने वाले तीसरे वन-डे में एबी डीविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी करने का शानदार मौका है। विराट कोहली को डीविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए हर हाल में पुणे में शतक जमाना होगा। अगर वह ऐसा करने में कामयाब हो जाते हैं तो भारतीय जमीन पर सर्वाधिक निरंतर शतक जमाने के मामले में डीविलियर्स की बराबरी पर आ जाएंगे।