भारत और इंग्लैंड के बीच फिलहाल लॉर्ड्स में तीसरा टेस्ट खेला जा रहा है। हालांकि, शुभमन गिल की टीम इंडिया ने तीन टेस्ट में ही एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तीसरे टेस्ट में अभी टीम इंडिया की दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं आई है। आधे सफर में ही भारत ने न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज जैसी टीमों का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारतीय टीम किसी विदेशी सरजमीं पर एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई है। भारत ने अब तक सीरीज में पांच बार बल्लेबाजी की है और कुल 36 छक्के लगाए हैं।
2 of 4
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI-x
इससे पहले विदेशी सरजमीं पर एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के नाम था। कीवियों ने 2014/15 में पाकिस्तान के खिलाफ यूएई में 32 छक्के जड़े थे। तब यूएई को पाकिस्तान के घरेलू मैदान के तौर पर देखा जाता था। न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 32 छक्के लगाए थे। वहीं, वेस्टइंडीज ने 1974/75 में भारतीय दौरे पर 32 छक्के लगाए थे। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज खेली गई थी। वहीं, भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में आधे सफर में ही 36 छक्के जड़ दिए हैं।
इंग्लैंड ने लीड्स में खेला गया पहला टेस्ट पांच विकेट से अपने नाम किया था। वहीं, दूसरा टेस्ट भारत ने 336 रन से जीता था। दूसरा मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला गया था। यह टीम इंडिया की इस मैदान पर पहली टेस्ट जीत रही। किसी भी एशियाई टीम की इस मैदान पर पहली जीत रही। अब लॉर्ड्स में जीत हासिल कर भारतीय टीम सीरीज में बढ़त बनाना चाहेगी। शुभमन गिल की अगुआई में जब टीम इंडिया इस दौरे पर आई थी, तो लगभग सभी क्रिकेट पंडितों ने टीम को कम आंका था।
4 of 4
यशस्वी जायसवाल-शुभमन गिल-ऋषभ पंत
- फोटो : BCCI-X
हालांकि, भारतीय टीम ने क्या मुंहतोड़ जवाब दिया है। गिल भी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और फिलहाल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक तीन टेस्ट की पांच पारियों में 601 रन बनाए हैं। वहीं, भारतीय टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत 416 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के जेमी स्मिथ 407 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। भारत के लिए अब तक इस सीरीज में शुभमन गिल, पंत, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल शतक जड़ चुके हैं।