आईपीएल सीजन-11 के 47वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मैच में राजस्थान के युवा खिलाड़ी संजू सैमसन ने एक हैरान कर देने वाला कैच पकड़ा। संजू सैमसन के इस कैच ने दक्षिण अफ्रीका के शानदार फील्डर जॉन्टी रोड्स की याद दिला दी।
मंबई इंडियंस की तरफ से आखिरी ओवर में बल्लेबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या ने धोनी के स्टाइल में एक हेलीकॉप्टर शॉट खेला था। डीप मिड विकेट की ओर गेंद को आता देखकर सैमसन तेजी से उसकी ओर दौड़े और हवा में उछलकर गेंद को लपक लिया। सैमसन का यह कैच हैरान कर देने वाला था।
बता दें कि आईपीएल सीजन-11 में संजू सैमसन के अलावा भी कई और भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन कैच पकड़ फैंस को चौंकाया है। आइए एक बार देखते हैं आईपीएल सीजन-11 में अब तक पकड़े गए सबसे बेहतरीन कैच...
हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच खेले गए एक मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल का कैच पकड़ा था। पांड्या ने यह कैच अपने भाई कृणाल पांड्या की गेंद पर ही पकड़ा था।
शाकिब अल हसन
सनराइजर्स हैदराबाद के तूफानी ऑलराउडंर शाकिब अल हसन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बाउंड्री पर ऐसा ही एक कैच लपका था। शाकिब ने केकेआर के ऑलराउंडर क्रिस लिन को कैच आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया था।
मनीष पांडे
सनराइजर्स हैदराबाद के ही एक और खिलाड़ी मनीष पांडे ने भी बाउंड्री पर शानदार कैच लेकर रसेल आर्नोल्ड को क्रीज से चलता किया था। ऑफ साइड पर छक्का मारने के चक्कर में रसेल मनीष पांडे को कैच थमा बैठे थे।
शार्दुल ठाकुर
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ लिया गया शार्दुल ठाकुर का कॉट एंड बोल्ड विकेट शायद ही कोई भूल पाए। राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज स्टुअर्ट बिन्नी को शार्दुल ने शॉर्ट पिच डिलीवरी की थी, जिसे वह समझ नहीं पाए और बल्ले से लगकर गेंद क्रीज से थोड़ा आगे गेंदबाज की तरफ निकल गई। शार्दुल ने बेहतरीन डाइव लगाकर यह कैच पकड़ा था।