Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?

WTC Final Scenario: भारत के सामने सात टेस्ट, क्या सभी जीतकर भी फाइनल में नहीं मिलेगी जगह? यहां समझें पूरा गणित

Thu, 19 Nov 2026 04:38 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंगटन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंगटन Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 19 Nov 2026 04:38 AM IST
सार

भारत के पास डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने के लिए अब सात टेस्ट बाकी हैं। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी मुकाबले जीतने के बावजूद टीम की जगह पक्की नहीं होगी। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की स्थिति मजबूत है। जानें किस टीम को कितने टेस्ट खेलने हैं और फाइनल के लिए क्या है पूरा गणित।

विज्ञापन
WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
भारतीय टीम - फोटो : BCCI

विस्तार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में हो चुका है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 के फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम है। हालांकि, भारत के लिए राह आसान नहीं है। टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी पांच टेस्ट खेलने हैं। यानी भारतीय टीम के पास फाइनल में जगह बनाने के लिए अब सिर्फ सात टेस्ट (न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट को मिलाकर) बाकी हैं।

विज्ञापन


डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में अब तक 71 में से 46 टेस्ट (भारत-न्यूजीलैंड के बीच जारी पहले टेस्ट को छोड़कर) खेले जा चुके हैं। कुल 25 मुकाबले (इसमें भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट भी शामिल) बाकी हैं। फाइनल जून 2027 में लंदन के द ओवल में खेला जाना है। पिछले दो चक्रों में फाइनल में पहुंचने वाली चार में से तीन टीमों का अंक प्रतिशत 65 से अधिक रहा था। 2023 में भारत 58.8 प्रतिशत अंक के साथ फाइनल में पहुंचा था, जबकि 2025 में दोनों फाइनलिस्ट का अंक प्रतिशत 67 से अधिक था। ऐसे में इस बार भी फाइनल में जगह बनाने के लिए टीमों को अपने बाकी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करना होगा।

विज्ञापन
Trending Videos

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
गिल, बावुमा और कमिंस - फोटो : ANI

चार टीमों के बीच फाइनल की मुख्य जंग
डब्ल्यूटीसी 2025-27 की अंक तालिका में फिलहाल न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच फाइनल में जगह बनाने की मुख्य प्रतिस्पर्धा है। न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत अंक के साथ पहले स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका 71.43 प्रतिशत के साथ दूसरे, ऑस्ट्रेलिया 69.23 प्रतिशत के साथ तीसरे और भारत 51.52 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है।

हालांकि, आने वाले महीनों में कई महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज खेली जानी हैं। इनके नतीजे अंक तालिका का पूरा समीकरण बदल सकते हैं। भारत और न्यूजीलैंड की सीरीज के साथ दक्षिण अफ्रीका-बांग्लादेश मुकाबले भी काफी अहम हैं। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ खेलना है।

विज्ञापन

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
भारतीय टीम - फोटो : BCCI

भारत का क्वालिफिकेशन समीकरण
भारत ने डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में अब तक 11 टेस्ट खेले हैं। इनमें टीम को पांच में जीत, चार में हार और दो मुकाबलों में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम के खाते में 51.52 प्रतिशत अंक हैं। शुभमन गिल की कप्तानी और गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम के लिए अब गलती की गुंजाइश बेहद कम है। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट खेलने हैं। इन सात मुकाबलों में अच्छे नतीजे हासिल करना जरूरी होगा।

दिलचस्प बात यह है कि भारत अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों टेस्ट जीत भी जाता है, तब भी फाइनल में जगह पक्की नहीं होगी। इतना ही नहीं, अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी पांच टेस्ट जीत लेती है, तब भी उसके फाइनल से बाहर रहने की संभावना बनी रहेगी। ऐसा तब हो सकता है जब दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड अपनी बाकी सीरीज में लगातार जीत दर्ज करें।

विज्ञापन

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
भारतीय टीम - फोटो : BCCI

भारत को न सिर्फ अपने मुकाबले जीतने होंगे, बल्कि दूसरी दावेदार टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी। उदाहरण के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज ड्रॉ रहना भारत के हित में हो सकता है। इससे दोनों टीमों को एकतरफा अंक प्रतिशत बढ़ाने का मौका नहीं मिलेगा। भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-2 से सीरीज जीतना भी हर स्थिति में पर्याप्त नहीं होगा।

कुछ समीकरणों में उसे पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी टीमों से भी न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अनुकूल नतीजों की उम्मीद करनी पड़ सकती है। हालांकि, भारत के लिए राहत की बात यह है कि वह अभी दौड़ से बाहर नहीं हुआ है। अगर टीम अपने बाकी सभी सात टेस्ट जीत लेती है तो वह अधिकतम 70.37 प्रतिशत अंक तक पहुंच सकती है। इसके लिए उसे ओवररेट से जुड़े किसी भी अतिरिक्त अंक की कटौती से भी बचना होगा।

भारत

अब तक खेले टेस्ट: 11

जीत-हार-ड्रॉ: 5-4-2

अंक प्रतिशत: 51.52%

बाकी सीरीज: न्यूजीलैंड (विदेश में), ऑस्ट्रेलिया (घरेलू मैदान पर)

बाकी टेस्ट: 7 (भारत-न्यूजीलैंड जारी टेस्ट को मिलाकर)

भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों को उनके खिलाफ होने वाली सीरीज में हराने की है। सात में से सभी सात टेस्ट जीतने पर भारत 70.37 प्रतिशत अंक तक पहुंच सकता है। छह जीत और एक ड्रॉ की स्थिति में अंक प्रतिशत 66.67 रहेगा, जबकि छह जीत और एक हार के साथ यह 64.81 प्रतिशत होगा। इसलिए भारत को अधिकतम जीत दर्ज करनी होगी। न्यूजीलैंड में जीत हासिल करने से टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है।


अन्य टीमों का क्या है हाल?

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
न्यूजीलैंड की टीम - फोटो : BCCI

न्यूजीलैंड: शीर्ष स्थान पर काबिज, लेकिन सामने हैं 10 टेस्ट
न्यूजीलैंड फिलहाल 72.22 प्रतिशत अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतकर उसे दूसरे स्थान पर धकेला है। हालांकि, न्यूजीलैंड ने मौजूदा चक्र में अभी तक सिर्फ दो सीरीज खेली हैं। ऐसे में उसके सामने आने वाले महीनों में काफी व्यस्त टेस्ट कार्यक्रम है।

न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विदेशी मैदान पर चार, श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो और पाकिस्तान के खिलाफ विदेशी मैदान पर दो टेस्ट खेलने हैं। ऑस्ट्रेलिया में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं रहा है। टीम ने वहां अपने पिछले 12 टेस्ट में से 10 गंवाए हैं। ऐसे में भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज उसके लिए काफी महत्वपूर्ण होगी।

न्यूजीलैंड को अपने बाकी 10 टेस्ट में 120 अंक उपलब्ध होंगे। 60 प्रतिशत अंक तक पहुंचने के लिए उसे 64 अंक और चाहिए। इसके लिए पांच जीत और एक ड्रॉ पर्याप्त होंगे। अगर टीम छह मैच जीतती है और तीन हारती है तो उसका अंक प्रतिशत 64.58 रहेगा। वहीं, सात जीत और तीन हार की स्थिति में वह 70.83 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।

न्यूजीलैंड

अब तक खेले टेस्ट: 6

जीत-हार-ड्रॉ: 4-1-1

अंक प्रतिशत: 72.22%

बाकी सीरीज: भारत (घरेलू मैदान पर), ऑस्ट्रेलिया (विदेश में), श्रीलंका (घरेलू मैदान पर), पाकिस्तान (विदेश में)

बाकी टेस्ट: 10

न्यूजीलैंड के लिए भारत और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मुकाबले काफी अहम होंगे। इन दोनों सीरीज में टीम चार टेस्ट खेलेगी। अगर वह अपने घरेलू मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करती है तो फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया का दौरा उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
दक्षिण अफ्रीका की टीम - फोटो : ANI

दक्षिण अफ्रीका: मौजूदा चैंपियन के पास सबसे मजबूत स्थिति
दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतकर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। टीम फिलहाल 71.43 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। मौजूदा चैंपियन के लिए फाइनल में पहुंचने का रास्ता बाकी दावेदारों की तुलना में थोड़ा आसान नजर आता है। दक्षिण अफ्रीका ने अब तक सात टेस्ट खेले हैं। इनमें उसे पांच में जीत और दो में हार मिली है। टीम को बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो, इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर तीन और श्रीलंका के खिलाफ विदेशी मैदान पर दो टेस्ट खेलने हैं।

60 प्रतिशत अंक तक पहुंचने के लिए दक्षिण अफ्रीका को 41 अंक और चाहिए। तीन जीत और दो ड्रॉ से टीम इस आंकड़े तक पहुंच सकती है। बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में दो जीत दर्ज करना उसके लिए फायदेमंद होगा। अगर दक्षिण अफ्रीका बांग्लादेश के खिलाफ दोनों टेस्ट जीत लेता है तो बाकी पांच मुकाबलों में उसे 60 प्रतिशत अंक का आंकड़ा पार करने के लिए एक जीत और दो ड्रॉ की जरूरत होगी। दो जीत और तीन हार के साथ टीम 64.28 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जबकि तीन जीत और दो हार की स्थिति में उसका अंक प्रतिशत 71.43 रहेगा। यह स्थिति उसे फाइनल के बेहद करीब पहुंचा सकती है।

दक्षिण अफ्रीका

अब तक खेले टेस्ट: 7

जीत-हार-ड्रॉ: 5-2-0

अंक प्रतिशत: 71.43%

बाकी सीरीज: बांग्लादेश (घरेलू मैदान पर), इंग्लैंड (घरेलू मैदान पर), श्रीलंका (विदेश में)

बाकी टेस्ट: 7

दक्षिण अफ्रीका के पास बांग्लादेश और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू परिस्थितियों में खेलने का फायदा होगा। वहीं, श्रीलंका का दौरा उसकी आगे की राह तय कर सकता है। अगर टीम अपनी मौजूदा लय बरकरार रखती है तो लगातार दूसरे चक्र में फाइनल में पहुंच सकती है।

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
ऑस्ट्रेलिया टीम - फोटो : IANS

ऑस्ट्रेलिया: भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को रोकना होगा
ऑस्ट्रेलिया 69.23 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। टीम ने मौजूदा चक्र में अब तक 13 टेस्ट खेले हैं। इनमें उसे नौ में जीत और चार में हार मिली है। हालांकि, हाल के पांच टेस्ट में से तीन में हार ने उसकी स्थिति को थोड़ा कमजोर किया है। ऑस्ट्रेलिया को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर चार और भारत के खिलाफ विदेशी मैदान पर पांच टेस्ट खेलने हैं। यानी उसके पास कुल नौ टेस्ट बाकी हैं।

60 प्रतिशत अंक तक पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया को 51 अंक और चाहिए। इसके लिए चार जीत और एक ड्रॉ पर्याप्त होंगे। टीम की कोशिश होगी कि न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में ज्यादा से ज्यादा अंक हासिल किए जाएं। भारत के खिलाफ सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ी चुनौती होगी। भारतीय टीम ने पिछले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में कड़ी टक्कर दी है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत में अपने पिछले 18 टेस्ट में से 12 गंवाए हैं और सिर्फ दो में जीत दर्ज की है। पांच जीत और चार हार की स्थिति में ऑस्ट्रेलिया का अंक प्रतिशत 63.63 हो जाएगा। वहीं, छह जीत और तीन हार के साथ वह 68.18 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। छह जीत की स्थिति उसे फाइनल की दौड़ में काफी मजबूत बना सकती है।

ऑस्ट्रेलिया

अब तक खेले टेस्ट: 13

जीत-हार-ड्रॉ: 9-4-0

अंक प्रतिशत: 69.23%

बाकी सीरीज: न्यूजीलैंड (घरेलू मैदान पर), भारत (विदेश में)

बाकी टेस्ट: 9

ऑस्ट्रेलिया के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में जीत दर्ज करना जरूरी होगा। इसके बाद भारत के खिलाफ पांच टेस्ट में उसका प्रदर्शन फाइनल की तस्वीर तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
बांग्लादेश टीम - फोटो : cricket.com.au

बांग्लादेश: अब हर मुकाबले में जीत जरूरी
बांग्लादेश ने मौजूदा चक्र में आठ टेस्ट खेले हैं। टीम को तीन में जीत, तीन में हार और दो मुकाबलों में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। उसका अंक प्रतिशत 45.83 है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज में सिर्फ चार अंक हासिल करना बांग्लादेश के लिए नुकसानदेह रहा। टीम को अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसके घर में दो और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो टेस्ट खेलने हैं। अगर बांग्लादेश अपने बाकी सभी चार टेस्ट जीत लेता है तो उसका अधिकतम अंक प्रतिशत 63.89 हो सकता है। लेकिन एक भी मुकाबला गंवाने पर उसका अंक प्रतिशत घटकर 55.56 रह जाएगा।

बांग्लादेश

अब तक खेले टेस्ट: 8

जीत-हार-ड्रॉ: 3-3-2

अंक प्रतिशत: 45.83%

बाकी सीरीज: दक्षिण अफ्रीका (विदेश में), इंग्लैंड (घरेलू मैदान पर)

बाकी टेस्ट: 4
 

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
इंग्लैंड टीम - फोटो : IANS

इंग्लैंड: इस चक्र में फाइनल की उम्मीद लगभग खत्म
इंग्लैंड ने मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा 16 टेस्ट खेले हैं। टीम को सात में जीत, आठ में हार और एक मुकाबले में ड्रॉ मिला है। उसका अंक प्रतिशत 38.54 है। इंग्लैंड ने अपनी पिछली टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को 3-0 से हराया था, लेकिन डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ में उसकी स्थिति अच्छी नहीं है। टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसके घर में तीन और बांग्लादेश के खिलाफ उसके घर में दो टेस्ट खेलने हैं। अगर इंग्लैंड अपने सभी पांच टेस्ट जीत लेता है और ओवररेट के कारण कोई अतिरिक्त अंक नहीं गंवाता है तो भी उसका अधिकतम अंक प्रतिशत 53.17 ही होगा।

इसलिए मौजूदा चक्र में फाइनल में पहुंचना इंग्लैंड के लिए बेहद मुश्किल है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश में सीरीज जीतकर टीम अगले डब्ल्यूटीसी चक्र के लिए अच्छी तैयारी कर सकती है। 2027 में घरेलू मैदान पर एशेज सीरीज से अगले चक्र की शुरुआत होनी है।

इंग्लैंड

अब तक खेले टेस्ट: 16

जीत-हार-ड्रॉ: 7-8-1

अंक प्रतिशत: 38.54%

बाकी सीरीज: दक्षिण अफ्रीका (विदेश में), बांग्लादेश (विदेश में)

बाकी टेस्ट: 5

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
श्रीलंका की टीम - फोटो : PTI

श्रीलंका: अंक कटने से बड़ा नुकसान
श्रीलंका ने मौजूदा चक्र में सात टेस्ट खेले हैं। टीम को एक में जीत, दो में हार और चार मुकाबलों में ड्रॉ मिला है। उसका अंक प्रतिशत सिर्फ 15.47 है। रावलपिंडी टेस्ट में धीमी ओवर गति के कारण श्रीलंका के 15 अंक काटे गए थे। इससे उसके कुल अंक 28 से घटकर 13 रह गए और फाइनल की दौड़ में उसकी स्थिति बेहद कमजोर हो गई। श्रीलंका को अब पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर, न्यूजीलैंड के खिलाफ विदेशी मैदान पर और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर कुल पांच टेस्ट खेलने हैं। अगर टीम अपने सभी पांच मुकाबले जीत भी लेती है तो उसका अधिकतम अंक प्रतिशत 50.69 ही हो सकता है।

श्रीलंका

अब तक खेले टेस्ट: 7

जीत-हार-ड्रॉ: 1-2-4

अंक प्रतिशत: 15.47%

बाकी सीरीज: पाकिस्तान (घरेलू मैदान पर), न्यूजीलैंड (विदेश में), दक्षिण अफ्रीका (घरेलू मैदान पर)

बाकी टेस्ट: 5

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
वेस्टइंडीज टीम - फोटो : Twitter

वेस्टइंडीज: सभी टेस्ट मुकाबले हो चुके हैं
वेस्टइंडीज मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में अपने सभी टेस्ट मुकाबले खेल चुका है। टीम ने 14 टेस्ट खेले, जिनमें उसे तीन में जीत, आठ में हार और तीन मुकाबलों में ड्रॉ मिला। उसका अंक प्रतिशत 27.38 रहा। अब वेस्टइंडीज के पास अपने अंक प्रतिशत में सुधार करने का कोई मौका नहीं है। टीम का मौजूदा चक्र समाप्त हो चुका है।

वेस्टइंडीज

अब तक खेले टेस्ट: 14

जीत-हार-ड्रॉ: 3-8-3

अंक प्रतिशत: 27.38%

बाकी सीरीज: कोई नहीं

बाकी टेस्ट: 0

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
पाकिस्तान टीम - फोटो : IANS

पाकिस्तान: चार अंक से भी कम प्रतिशत, राह बेहद मुश्किल
पाकिस्तान ने मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में 10 टेस्ट खेले हैं। टीम को सिर्फ दो में जीत मिली है, जबकि सात में हार और एक मुकाबले में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। उसका अंक प्रतिशत 3.33 है। पाकिस्तान के खाते में अब तक सिर्फ चार अंक हैं। टीम को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर कुल तीन टेस्ट खेलने हैं। अगर पाकिस्तान अपने बाकी तीनों टेस्ट जीत लेता है तो भी उसका अधिकतम अंक प्रतिशत 30.56 तक ही पहुंच सकता है। ऐसे में उसके लिए मौजूदा चक्र के फाइनल में जगह बनाना लगभग असंभव है।

पाकिस्तान

अब तक खेले टेस्ट: 10

जीत-हार-ड्रॉ: 2-7-1

अंक प्रतिशत: 3.33%

बाकी सीरीज: श्रीलंका (घरेलू मैदान पर), न्यूजीलैंड (घरेलू मैदान पर)

बाकी टेस्ट: 3

WTC 2025-27 Final Qualification Scenario: Can India Still Miss the Final Even After Winning All Seven Tests?
भारतीय टीम - फोटो : BCCI Twitter
कब और कहां खेला जाएगा डब्ल्यूटीसी फाइनल?
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का फाइनल जून 2027 में लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जाना है। अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान हासिल करने वाली टीमें खिताबी मुकाबले में पहुंचेंगी। भारत के लिए अब हर टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में जीत टीम को आगे की चुनौती के लिए मजबूत स्थिति में ला सकती है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट का प्रदर्शन फाइनल की दौड़ में उसकी किस्मत तय करने में अहम होगा। फाइनल की राह खुली है, लेकिन अब हर गलती भारी पड़ सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed