रोहित शर्मा के नेतृत्व में एशिया कप का खिताब सातवीं बार अपने नाम करने वाली टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने विराट कोहली को आराम दिए जाने पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। गौरतलब है कि विराट की गैर मौजूदगी में रोहित शर्मा ने टीम इंडिया की कमान संभाली थी और बांग्लादेश को फाइनल में 3 विकेट से हराकर एशिया कप 2018 का टाइटल जीता था।
रवि शास्त्री ने गल्फ न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'विराट को इस आराम की जरूरत थी। वह ताकत में बैल के बराबर हैं, आप उन्हें मैदान से बाहर नहीं भेज सकते हैं। विराट यदि खेलते हैं तो मैच का रोमांच अलग ही होता है। इसलिए यह केवल मानसिक रूप से थकने का मामला है।'
कोच शास्त्री ने कहा, 'विराट कोहली को थोड़ा आराम देने से उनका खेल और ज्यादा निखर के सामने आएगा। इसी वजह से उन्हें एशिया कप में आराम दिया गया। टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ भी यही प्रक्रिया अपनाई जाती है।' उन्होंने कहा, 'तेज गेंदबाजी के मुख्य स्तंभ जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार के मामले में भी ऐसी ही रणनीतियां अपनाई जाती है।'
गौरतलब है कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली लगातार एक के बाद एक टूर्नामेंट खेल रहे थे। हाल ही में वह इंग्लैंड के खिलाफ लंबा दौरा खेलकर आए हैं। उनकी कप्तानी में भारत को 1-4 से टेस्ट सीरीज में शिकस्त झेलनी पड़ी।
अब उनकी कप्तान में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत 4 अक्टूबर से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा। विराट की कप्तानी में टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन किया गया है। रोहित शर्मा, शिखर धवन, मुरली विजय, भुवनेश्वर और बुमराह केो इस सीरीज से आराम दिया गया है जबकि युवा पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल को टीम में जगह मिली है।