Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Mushfiqur Rahim to Retire from Test Cricket After First Test Against England in 2027

मुशफिकुर रहीम टेस्ट को कहेंगे अलविदा: इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलेंगे आखिरी मैच, कैसा रहा करियर?

Sat, 28 Nov 2026 06:29 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sat, 28 Nov 2026 06:29 PM IST
सार

बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम 2027 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेलने के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल ने इसकी पुष्टि की है।

विज्ञापन
Mushfiqur Rahim to Retire from Test Cricket After First Test Against England in 2027
मुशफिकुर रहीम - फोटो : ANI

विस्तार

बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं। वह 2027 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेलने के बाद इस प्रारूप को अलविदा कह देंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
विज्ञापन
Trending Videos

क्या बोले तमीम इकबाल?
ढाका स्थित बोर्ड मुख्यालय में तमीम इकबाल ने बताया कि मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले फोन पर उनसे अपने संन्यास के फैसले की जानकारी दी थी। तमीम के मुताबिक, उन्होंने मुशफिकुर से खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस फैसले का एलान करने का अनुरोध किया था, लेकिन खिलाड़ी ने उनसे ही इसकी आधिकारिक घोषणा करने को कहा। तमीम इकबाल ने कहा, 'मुशफिकुर रहीम इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद संन्यास ले लेंगे। उन्होंने कुछ दिन पहले मुझे फोन किया था और अपने फैसले के बारे में बताया था। इसके बाद भी मेरी उनसे लगातार बातचीत होती रही।'

उन्होंने आगे कहा, 'मैंने उनसे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खुद इसकी घोषणा करने को कहा था। मैंने उनसे यह भी अनुरोध किया था कि वह फेसबुक पर स्टेटस डालकर इसकी जानकारी न दें, क्योंकि वह बांग्लादेश क्रिकेट के लिए बेहद शानदार खिलाड़ी और लंबे समय तक सेवाएं देने वाले क्रिकेटर रहे हैं। मैं चाहता था कि इस फैसले की घोषणा उचित तरीके से हो। हालांकि, मुशफिकुर के अनुरोध पर मैं यह जानकारी साझा कर रहा हूं। इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर टेस्ट उनका आखिरी टेस्ट मुकाबला होगा।'
विज्ञापन
विज्ञापन

बांग्लादेश के लिए फरवरी 2027 में खेलेंगे आखिरी टेस्ट
इंग्लैंड की टीम फरवरी 2027 में दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला मुशफिकुर रहीम के टेस्ट करियर का आखिरी मैच होगा। वह पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप को भी अलविदा कह देंगे।
विज्ञापन

बांग्लादेश के लिए बनाए हैं सबसे ज्यादा टेस्ट रन
मुशफिकुर रहीम बांग्लादेश के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 108 टेस्ट मैचों में 7062 रन बनाए हैं। वह इस प्रारूप में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज होने के साथ-साथ टीम के सबसे अनुभवी और सर्वाधिक टेस्ट मैच खेलने वाले क्रिकेटर भी हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में तीन दोहरे शतक भी दर्ज हैं। हाल ही में वह टेस्ट प्रारूप में 7000 रन का आंकड़ा पार करने वाले बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी बने थे।

बीसीबी करेगा मुशफिकुर के योगदान का सम्मान
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने मुशफिकुर के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वह बांग्लादेश क्रिकेट के शानदार प्रतिनिधि रहे हैं और कई युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बने हैं। तमीम ने कहा, 'बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से हम उन्हें केवल धन्यवाद देना चाहते हैं और बांग्लादेश क्रिकेट में उनके योगदान को स्वीकार करना चाहते हैं। वह शानदार एंबेसडर और कई क्रिकेटरों व बच्चों के आदर्श रहे हैं। बोर्ड उनके लिए एक बड़ा समारोह आयोजित करेगा। इसके अलावा भी कुछ योजनाएं हैं, जिनके बारे में समय आने पर जानकारी दी जाएगी।' उन्होंने आगे कहा कि मुशफिकुर जैसे कद के खिलाड़ी के संन्यास लेने से उन्हें दुख है, लेकिन अब इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट मुकाबले को यादगार बनाने की कोशिश की जाएगी।

2005 में किया था टेस्ट डेब्यू
मुशफिकुर रहीम ने साल 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। करीब दो दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने बांग्लादेश के लिए कई यादगार पारियां खेलीं और टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई। अब इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर में होने वाला टेस्ट उनके शानदार टेस्ट करियर का अंतिम अध्याय होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed