इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें एडिशन का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी की भी खासी चर्चा है, लेकिन इसकी शुरुआत से पहले फैंस को जोरदार झटका लग सकता है। आईपीएल ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह को डांस परफॉरमेंस देना है, लेकिन वह एक फुटबॉल मैच के दौरान चोटिल हो गए।
रणवीर सिंह को फुटबॉल मैच के दौरान कंधे में चोट लगी है, जिसकी वजह से उनका सेरेमनी में हिस्सा लेना मुश्किल लग रहा है। रणवीर को चोट लगी है, जिसकी वजह से वह अगले कुछ दिनों तक डांस और फाइट सीन्स से दूर रहेंगे। हालांकि, रणवीर सिंह अपनी फिल्म गली बॉय की शूटिंग जारी रखेंगे।
रणवीर के प्रवक्ता ने एक बयान जारी करते हुए कहा, 'एक फुटबॉल मैच के दौरान रणवीर सिंह के कंधे पर चोट आई और इसके चलते उन्हें कम से कम एक महीने तक आराम की सलाह दी गई है। वह छुट्टियां नहीं ले रहे हैं और कार्यक्रम के मुताबिक 'गली बॉय' की शूटिंग जारी रहेगी। मगर चोट के कारण उनका आईपीएल ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लेना मुश्किल है। अगर डॉक्टर्स ने रणवीर को हरी झंडी दी तो ही वह सेरेमनी में हिस्सा लेंगे।'
बता दें कि गली बॉय की कहानी मुंबई के स्ट्रीट रैपर्स के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में रणवीर स्ट्रीट रैपर की भूमिका में दिखेंगे। इस फिल्म को अगले साल 2019 के वैलेंटाइन्स डे पर रिलीज किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर डाक्टर्स से आईपीएल में हिस्सा लेने के बारे में राय ले रहे हैं। डॉक्टर एक-दो दिन में उन्हें बताएंगे कि क्या वह इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उद्घाटन समारोह में डांस कर पाएंगे या नहीं। बता दें कि रणवीर इस सेरेमनी में फिनाले एक्ट कर रहे हैं। ओपनिंग सेरेमनी सात अप्रैल को होगी।