सिनेमा और क्रिकेट दो ऐसी चीजें हैं जो भारतीयों को एकजुट करती हैं और जब दोनों फील्ड के सितारे एक साथ आते हैं तो वे लाखों लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं। फिल्मी हस्तियों और क्रिकेटरों के देश में बड़े पैमाने पर प्रशंसक हैं। आगामी विश्व कप भारत में खेला जाना है और ऐसे में स्टेडियम में टीम इंडिया को चीयर करते हुए कई फिल्मी सितारे भी दिखेंगे। हालांकि, विश्व कप से पहले एक दिलचस्प बात सामने आई है। यह ऐसा संयोग है जिसे जानकर क्रिकेट फैंस खुश हो जाएंगे। इस संयोग के मुताबिक, टीम इंडिया इस साल वनडे विश्व कप की ट्रॉफी जीत सकती है।
2 of 5
शाहरुख और संजय
- फोटो : सोशल मीडिया
दरअसल, एक्स (पहले ट्विटर) पर एक यूजर ने हाल ही में बॉलीवुड को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम से जोड़ते हुए एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में दिखाया गया है कि कैसे हर बार जब-जब बॉलीवुड के दो दिग्गज अभिनेता संजय दत्त और शाहरुख खान किसी फिल्म में एक साथ आए हैं, तब-तब भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने विश्व कप ट्रॉफी उठाई है। पोस्ट में लिखा गया है- जब भी संजू बाबा ने शाहरुख की फिल्म में कैमियो किया है, भारत ने विश्व कप जीता है।
3 of 5
संजय और शाहरुख
- फोटो : सोशल मीडिया
संजय दत्त ने शाहरुख खान की 2007 में आई फिल्म 'ओम शांति ओम' के गाने 'दीवानगी' में कैमियो किया था। इसी साल भारतीय टीम ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था। चार साल बाद 2011 में संजय दत्त ने खान की फिल्म 'रा.वन' में कैमियो किया। उसी साल भारत ने 28 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप जीता था। अब 2023 में संजय दत्त ने शाहरुख की फिल्म 'जवान' में एक विशेष भूमिका निभाई। एटली द्वारा निर्देशित यह फिल्म हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने की राह पर है, एक रिकॉर्ड जो इस साल की शुरुआत में शाहरुख की 'पठान' ने बनाया था।
4 of 5
भारतीय टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
संजय दत्त ने फिल्म के अंत में एक मजेदार भूमिका निभाई। इस संयोग को माना जाए तो भारतीय टीम इस साल विश्व कप ट्रॉफी उठा सकती है। वनडे विश्व कप 2023 की शुरुआत पांच अक्तूबर से होगी जिसमें भारत मेजबान देश होगा। भारतीय टीम आईसीसी विश्व कप के अपने पहले मैच में आठ अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 14 अक्तूबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। आईसीसी विश्व कप में ट्रॉफी के लिए 10 टीमें भिड़ेंगी।
5 of 5
भारत बनाम पाकिस्तान
- फोटो : सोशल मीडिया
इनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और नीदरलैंड शामिल हैं। आईसीसी विश्व कप 2023 के लिए भारत ने पहले ही अपनी टीम घोषित कर दी है। रोहित शर्मा टीम के कप्तान हैं और पहली बार किसी वनडे वर्ल्ड कप में टीम की कप्तानी करेंगे। हार्दिक पांड्या को उपकप्तान बनाया गया है।