Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   India tour of New Zealand rohit sharma poor performance in odi series pragyan ojha faces big challenge

भारत बनाम न्यूजीलैंड: रोहित को लेकर किस तरह बढ़ी प्रज्ञान ओझा की चिंता? वनडे सीरीज में नहीं चला हिटमैन का जादू

Mon, 16 Nov 2026 04:04 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Mon, 16 Nov 2026 04:04 PM IST
सार

न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा के वनडे भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं। विश्व कप 2027 से पहले चयनकर्ता प्रमुख प्रज्ञान ओझा के सामने बड़ा फैसला लेने की चुनौती है। रोहित शर्मा और प्रज्ञान ओझा एक ऐसी पेचीदा परिस्थिति में खड़े हैं, जिसका समाधान भारत को अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले तलाशना होगा।

विज्ञापन
India tour of New Zealand rohit sharma poor performance in odi series pragyan ojha faces big challenge
रोहित शर्मा - फोटो : IANS

विस्तार

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप के लिए उनकी दावेदारी पर सवाल उठने लगे हैं। अब चयन समिति के नए अध्यक्ष प्रज्ञान ओझा के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह तय करने की होगी कि रोहित को उनके अनुभव और टीम के प्रति योगदान के आधार पर मौका दिया जाए या फिर मौजूदा फॉर्म को चयन का आधार बनाया जाए।
विज्ञापन
Trending Videos

India tour of New Zealand rohit sharma poor performance in odi series pragyan ojha faces big challenge
रोहित और प्रज्ञान - फोटो : IANS/BCCI
जूनियर क्रिकेट के दिनों से एक दूसरे को जानते हैं रोहित-ओझा 
रोहित शर्मा और प्रज्ञान ओझा की दोस्ती जूनियर क्रिकेट के दिनों से है। दोनों के बीच राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के ट्रेनिंग कैंप के दौरान भी नजदीकियां बढ़ीं। लेकिन अब क्रिकेट के मैदान पर दोनों के सामने एक मुश्किल स्थिति खड़ी है। ओझा को चयनकर्ता प्रमुख के तौर पर रोहित के भविष्य को लेकर निष्पक्ष फैसला करना होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी धरती पर खेली गई वनडे सीरीज में रोहित का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। उन्होंने चार पारियों में महज 30 रन बनाए। तेज गेंदबाजों की स्विंग, सीम मूवमेंट और उछाल के सामने रोहित संघर्ष करते नजर आए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या वह अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप की चुनौती के लिए खुद को तैयार कर पाएंगे।

इससे पहले भी रोहित के संन्यास को लेकर चयनकर्ताओं और उनके बीच बातचीत हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कहने पर प्रज्ञान ओझा ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले रोहित से मुलाकात की थी। इस बातचीत का मकसद यह जानना था कि क्या रोहित लॉर्ड्स में अपने वनडे करियर को अलविदा कहने के लिए तैयार हैं। हालांकि, रोहित इस प्रस्ताव से सहमत नहीं थे और उन्होंने भारतीय क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों तक अपनी नाराजगी भी पहुंचा दी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रज्ञान करेंगे रोहित के भविष्य का फैसला!
अगरकर और रोहित के बीच कप्तानी को लेकर भी मतभेद सामने आए थे। चैंपियंस ट्रॉफी जिताने के बावजूद रोहित को वनडे कप्तानी से हटाए जाने के बाद दोनों के व्यक्तिगत रिश्तों में भी खटास आने की चर्चा रही। अब अगरकर के बाद चयन समिति की जिम्मेदारी प्रज्ञान ओझा के पास है और रोहित के भविष्य पर फैसला लेने की चुनौती भी उन्हीं के सामने है। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद शीर्ष क्रम के लगातार लड़खड़ाने पर चिंता जताई थी। हालांकि, भारतीय टीम ने शानदार गेंदबाजी के दम पर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। लेकिन बल्लेबाजी में आई कमजोरी ने टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
विज्ञापन

विश्व कप से पहले खेलने हैं कितने वनडे
विश्व कप से पहले भारत को घरेलू मैदान पर छह वनडे मैच खेलने हैं। इसके बाद करीब छह महीने का अंतराल होगा, जिसके बाद टीम विश्व कप की तैयारियों के अंतिम चरण में प्रवेश करेगी। घरेलू मैदान पर श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ सपाट पिचों पर रोहित के पास रन बनाने का मौका होगा। लेकिन असली परीक्षा दक्षिण अफ्रीका जैसी परिस्थितियों में होगी, जहां तेज गेंदबाजों को उछाल और सीम मूवमेंट मिल सकता है।

India tour of New Zealand rohit sharma poor performance in odi series pragyan ojha faces big challenge
रोहित शर्मा - फोटो : BCCI
रोहित के सामने क्या है चुनौती 
रोहित के सामने एक और चुनौती लंबे अंतराल के बाद लय हासिल करने की होगी। आईपीएल से पहले लगभग तीन महीने तक उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं होगा। ऐसे में सवाल है कि क्या वह इस ब्रेक के बाद अपनी पुरानी लय हासिल कर पाएंगे। वह विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेल सकते हैं, लेकिन घरेलू टूर्नामेंट में एक बड़ी पारी खेलना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौतियों का पूरा जवाब नहीं माना जा सकता।

रोहित के खेल में सबसे बड़ी परेशानी तेज गेंदबाजों की उछाल और सीम मूवमेंट के खिलाफ दिखाई दी है। वह पावरप्ले में शुरुआती समय संभलकर खेलने की रणनीति अपनाते रहे हैं, लेकिन न्यूजीलैंड में उछाल और सीम दोनों ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। उनके अनुभव और इरादे पर सवाल नहीं है, लेकिन मौजूदा प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं को उनके भविष्य पर गंभीरता से विचार करना होगा। करीब दो दशक तक भारतीय क्रिकेट में योगदान देने वाले रोहित शर्मा सम्मानजनक विदाई के हकदार हैं। हालांकि, विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए चयन का फैसला भावनाओं के बजाय प्रदर्शन और टीम की जरूरतों को ध्यान में रखकर करना होगा। ऐसे में प्रज्ञान ओझा और रोहित के बीच एक स्पष्ट बातचीत जरूरी मानी जा रही है। ओझा को यह समझना होगा कि रोहित आगे क्या योजना बना रहे हैं और रोहित को भी चयन समिति की रणनीति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।

India tour of New Zealand rohit sharma poor performance in odi series pragyan ojha faces big challenge
रोहित शर्मा - फोटो : ANI
विश्व कप से पहले आएगा नया मोड़? 
दिलचस्प बात यह है कि घरेलू वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला जिम्बाब्वे के खिलाफ मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में प्रस्तावित है। यह वही मैदान है जहां रोहित का घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय करियर से खास जुड़ाव रहा है। ऐसे में क्या रोहित की कहानी में कोई नया मोड़ आने वाला है? न्यूजीलैंड सीरीज के बाद अब ओझा को यह जानना जरूरी है कि रोहित अपने भविष्य को लेकर क्या सोच रहे हैं। दूसरी ओर, रोहित के लिए भी यह स्पष्ट होना चाहिए कि विश्व कप को ध्यान में रखते हुए चयन समिति की आगे की योजना क्या है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed