टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी काफी लंबे समय से अपनी पत्नी हसीन जहां द्वारा लगाए आरोपों के कारण मानसिक रूप से परेशान थे। हालांकि, उन्होंने इससे उपर उठते हुए अपने पहले प्यार को अपनाया और एक बार वह फिर से खुश हैं।
दरअसल, शमी का असली प्यार क्रिकेट का मैदान हैं, जहां वह पहुंचकर बहुत खुश हैं। शमी ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में शुरू हुए पहले टेस्ट के पहले दिन शानदार गेंदबाजी करते हुए दो महत्वपूर्ण झटके। इसकी वजह से इंग्लैंड की टीम पहले दिन स्टंप्स तक 9 विकेट खोकर 285 रन बना सकी।
शमी ने दिन में 19 ओवर किए और 64 रन देकर कीटन जेनिंग्स व डेविड मलान को अपना शिकार बनाया। उन्होंने दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा कि भले ही उन्होंने ज्यादा मुकाबले नहीं खेले हो, लेकिन राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी में रहकर उन्होंने इस तरह की पिचों पर अभ्यास किया, जिसकी स्थिति इंग्लैंड के समान है। इसलिए वह इंग्लैंड दौरे के लिए पूरी तरह तैयार रहे।
शमी ने कहा, 'हम जो सीरीज खेलने जा रहे थे, उसी के हिसाब से तैयारी की। हमने उसी तरह की परिस्थिति और विरोधी टीम को देखते हुए अपनी तैयारी की और आगे बढ़े। दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद घरेलू मामलों के कारण मैंने काफी लड़ाई की। मगर मैंने अपने सभी प्रयास किए कि अपने प्यार क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन कर सकूं। यही मेरे लिए सबसे ज्यादा जरूरी है।'
तेज गेंदबाज ने आगे कहा, 'मैं सिर्फ अपना काम अच्छे से करना चाहता हूं फिर ध्यान दूंगा कि जिंदगी में आगे क्या होने वाला है। जिन भी परेशानियों का मैंने सामना किया है, मैं पहले सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहता हूं और उसी की तैयारी करता रहा। इसका परिणाम हम सभी के सामने है। एक गेंदबाजी इकाई और व्यक्तिगत प्रदर्शन को देखकर मैं बहुत खुश हूं।'