भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट का पहला दिन खत्म हुआ। मयंक अग्रवाल, कप्तान विराट कोहली 47* और चेतेश्वर पुजारा 68* की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में चल रहे तीसरे टेस्ट में शानदार शुरुआत की है।
अपने पहले ही मैच मेंमयंक अग्रवाल का जादू देखने को मिला। उन्होंने 161 गेंदों पर 76 रन की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। पहले दिन का खेल खेत्म होने तक भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 215 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से दो विकेट पैट कमिंस ने झटके।
दिन का खेल खत्म होने के बाद मयंक ने कहा, 'मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। मैंने 76 रन बनाए। मैं दिन के अंत तक नाबाद रहना और खूब रन बनाना चाहता था। सच बताऊं तो ऑस्ट्रेलिया ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने हमें ज्यादा खराब गेंद नहीं फेंकी। उन्होंने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से हमपर प्रहार किया।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमें ये जानने की जरूरत है कि जितना बड़ा स्कोर हम बनाएंगे उतना ही प्रेशर हम विरोधी टीम पर डाल सकते हैं।' इस मैच में मयंक अग्रवाल और हनुमा विहारी को टीम के लिए ओपनिंग करने का मौका मिला। दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी की।
बता दें कि 27 वर्षीय मयंक टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 295वें क्रिकेटर बने। मयंक ने इसी के साथ एक खास उपलब्धि अपने नाम की। वह मेलबर्न में टेस्ट डेब्यू करने वाले टीम इंडिया के पहले क्रिकेटर बने।