Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   IPL 2027: Rohit Sharma Reveals Why He Was Initially Hesitant to Return as Mumbai Indians Captain

मुंबई इंडियंस: कप्तान बनने के बाद पहली बार बोले रोहित शर्मा, आकाश अंबानी के ऑफर पर क्यों पहले कर दिया था मना?

Sat, 28 Nov 2026 11:47 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 28 Nov 2026 11:47 AM IST
सार

मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर रोहित शर्मा को टीम की कमान सौंप दी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस प्रस्ताव पर उनका पहला जवाब क्या था? फ्रेंचाइजी के सामने वापसी की चुनौती स्वीकार करने से पहले रोहित ने काफी सोच-विचार किया। अब उनका नए सीजन के लिए प्लान भी सामने आ गया है।

विज्ञापन
IPL 2027: Rohit Sharma Reveals Why He Was Initially Hesitant to Return as Mumbai Indians Captain
रोहित शर्मा - फोटो : MI/IPL/BCCI

विस्तार

मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में वापसी के बाद रोहित शर्मा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी वीडियो में रोहित ने खुलासा किया कि आकाश अंबानी ने जब उनसे दोबारा कप्तानी संभालने के बारे में पूछा तो उनका पहला जवाब सकारात्मक नहीं था। उन्होंने इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने से पहले काफी सोच-विचार किया। रोहित ने टीम की पिछली नाकामियों, ड्रेसिंग रूम की निराशा और नए सीजन के लिए अपनी रणनीति पर भी खुलकर बात की।
विज्ञापन
Trending Videos

IPL 2027: Rohit Sharma Reveals Why He Was Initially Hesitant to Return as Mumbai Indians Captain
आईपीएल ट्रॉफी के साथ रोहित - फोटो : IPL/BCCI
'आकाश अंबानी ने पूछा- क्या फिर से कप्तानी करना चाहेंगे?'
मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को आईपीएल 2027 के लिए रोहित शर्मा को दोबारा टीम का कप्तान नियुक्त किया। 39 वर्षीय रोहित हार्दिक पांड्या की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। हार्दिक पंजाब किंग्स में ट्रेड हो गए हैं। इस ट्रेड में मुंबई को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मिले हैं। कप्तानी में वापसी को लेकर रोहित ने बताया कि फ्रेंचाइजी के मालिक आकाश अंबानी ने उनसे बातचीत की थी। दोनों ने मिलकर चर्चा की कि मुंबई इंडियंस को आगे कैसे बढ़ाया जा सकता है। इस बातचीत में कई विचार साझा किए गए। हालांकि, जब आकाश ने उनसे पूछा कि क्या वह फिर से टीम की कप्तानी करने के लिए तैयार हैं तो रोहित शुरुआत में इसके लिए सहज नहीं थे।

रोहित ने मुंबई इंडियंस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी वीडियो में कहा, 'मैं इस बारे में अपनी पत्नी से बात कर रहा था। तभी आकाश का फोन आया। हम मिले और इस पर चर्चा की कि इस टीम को आगे ले जाने के लिए क्या किया जा सकता है। इस दौरान कई विचार साझा किए गए।' उन्होंने आगे बताया, 'जब आकाश ने मुझसे पूछा कि क्या मैं फिर से मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने के लिए तैयार हूं तो मेरा शुरुआती विचार था कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं। मुझे इस बारे में सोचने के लिए वापस जाना पड़ा। पिछले कुछ समय में बहुत कुछ हुआ था। मुझे नहीं पता था कि मैं उस समय इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए मानसिक रूप से तैयार हूं या नहीं।'

विज्ञापन
विज्ञापन

'टीम को मेरी नहीं, सही दिशा की जरूरत है'
रोहित ने बताया कि बातचीत के बाद उन्होंने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया। उन्हें महसूस हुआ कि मुंबई इंडियंस को वापसी के लिए सही दिशा की जरूरत है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह यह नहीं कह रहे कि टीम को बतौर लीडर उनकी ही जरूरत है। भारतीय कप्तान ने कहा, 'अंदर से मुझे एक एहसास हुआ। मैं यह नहीं कह रहा कि इस टीम को बतौर लीडर मेरी जरूरत है, बल्कि इस टीम को सही दिशा की जरूरत है।' रोहित ने आगे बताया कि आखिरकार उन्होंने दोबारा इस चुनौती को स्वीकार करने का फैसला किया। उन्होंने कहा, 'मुझे एहसास हुआ कि यह वही टीम है जिसे आपने बनाया है। मैंने 10 साल तक इस टीम की कप्तानी की है। मुझे लगा कि अब इस चुनौती को एक बार फिर स्वीकार करने का समय है।'
विज्ञापन

IPL 2027: Rohit Sharma Reveals Why He Was Initially Hesitant to Return as Mumbai Indians Captain
आईपीएल ट्रॉफी के साथ रोहित - फोटो : IPL/BCCI
पिछले कुछ सीजन में मुंबई का प्रदर्शन निराशाजनक
रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता था। हालांकि, टीम का पिछला खिताब 2020 में आया था। इसके बाद फ्रेंचाइजी का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा। मुंबई ने 2021 में पांचवें स्थान पर रहते हुए सीजन खत्म किया, जबकि 2022 में टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही। आईपीएल 2023 के बाद रोहित से कप्तानी लेकर हार्दिक पांड्या को सौंप दी गई थी। हालांकि, कप्तानी में बदलाव के बावजूद मुंबई लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। टीम 2024 में 10वें स्थान पर रही, 2025 में क्वालिफायर-2 तक पहुंची और 2026 में नौवें स्थान पर रही।

रोहित ने माना कि टीम के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से निराश थे। यह निराशा सिर्फ प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाने की वजह से नहीं थी, बल्कि मैदान पर अपनी जिम्मेदारियों को ठीक से नहीं निभा पाने के कारण भी थी। उन्होंने कहा, 'हम खिलाड़ी इस बात से काफी निराश थे कि हम कैसा क्रिकेट खेल रहे थे। पेशेवर खिलाड़ियों के साथ ऐसा होता है। मैं एक-दो खिलाड़ियों की बात नहीं कर रहा हूं, बल्कि पूरी टीम की बात कर रहा हूं।' रोहित ने आगे कहा, 'निराशा सिर्फ प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाने की वजह से नहीं थी। निराशा इस बात की थी कि हम अच्छा नहीं खेल रहे थे और अपनी जिम्मेदारियों को पूरा नहीं कर पा रहे थे।'

IPL 2027: Rohit Sharma Reveals Why He Was Initially Hesitant to Return as Mumbai Indians Captain
रोहित शर्मा - फोटो : ANI
'इस बार ट्रॉफी की बात नहीं करूंगा'
कप्तानी में वापसी के बाद रोहित ने नए सीजन के लिए अपनी प्राथमिकता भी साफ कर दी है। उनका मानना है कि मुंबई इंडियंस को फिलहाल खिताब के दबाव में रहने के बजाय खेल का आनंद लेने पर ध्यान देना चाहिए। वह चाहते हैं कि टीम के खिलाड़ी मैदान पर और मैदान के बाहर एक-दूसरे के साथ समय का लुत्फ उठाएं। रोहित ने कहा, 'एक चीज जिसका मैं अभ्यास करने वाला हूं, वह यह है कि ट्रॉफी के बारे में बिल्कुल बात नहीं करूंगा। ट्रॉफी अभी बहुत दूर है। सबसे पहले हमें खेल का आनंद लेना होगा। क्रिकेट एक खेल है। आपको इसका मजा लेना चाहिए। यह सिर्फ आनंद लेने के बारे में है।'

उन्होंने कहा, 'दबाव तो कहीं जाने वाला नहीं है। तो फिर उसके बारे में सोचकर अपना समय क्यों बर्बाद करना? एक टीम के तौर पर जब हम बस में हों या मैदान पर पहुंचें तो हमें मजा करना चाहिए।' रोहित ने टीम के हर खिलाड़ी के योगदान और फ्रेंचाइजी का हिस्सा होने के अनुभव को अहम बताया। उन्होंने कहा, 'हमारी प्राथमिकता मुंबई इंडियंस का हिस्सा होने का आनंद लेना और इस ऐतिहासिक फ्रेंचाइजी का हिस्सा होने का मजा लेना है।'

IPL 2027: Rohit Sharma Reveals Why He Was Initially Hesitant to Return as Mumbai Indians Captain
आकाश और नीता अंबानी के साथ रोहित शर्मा - फोटो : PTI
'पांच खिताब जीते, लेकिन पुरानी उपलब्धियों के भरोसे नहीं रह सकते'
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते। इसके अलावा टीम ने 2013 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी अपने नाम किया था। इन उपलब्धियों ने मुंबई को आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल किया। हालांकि, रोहित का मानना है कि टीम को अपनी पुरानी उपलब्धियों से आत्मविश्वास जरूर लेना चाहिए, लेकिन उन्हीं के भरोसे आगे नहीं बढ़ा जा सकता। पिछले छह साल में टीम वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाई है, जैसी उससे उम्मीद थी।

उन्होंने कहा, 'हमने पांच खिताब जीते हैं। पिछले छह साल में हम वैसी टीम नहीं रहे, जैसी हम बनना चाहते थे। हां, हमें यह याद रखना होगा कि हमने क्या हासिल किया है, लेकिन हम सिर्फ उसी के भरोसे नहीं रह सकते। यह समझना जरूरी है कि हमने क्या किया है, लेकिन हमें अपनी पुरानी उपलब्धियों को भूलकर आगे भी बढ़ना होगा।' रोहित की वापसी के साथ मुंबई इंडियंस नए सीजन में एक बार फिर अपनी पुरानी पहचान हासिल करने की कोशिश करेगी। कप्तान के तौर पर रोहित का संदेश साफ है- टीम को अतीत की सफलताओं से प्रेरणा लेनी होगी, लेकिन आगे बढ़ने के लिए खेल का आनंद लेते हुए मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

पूरा इंटरव्यू देखें-
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed