Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   IND vs NZ 2nd Test: India in Trouble After Poor Fielding and Batting Collapse, Christchurch Day-2 Highlights

क्राइस्टचर्च में संकट में टीम इंडिया: खराब फील्डिंग के बाद बल्लेबाजी भी हुई पस्त, क्या यह मैच बचा पाएगा भारत?

Sat, 28 Nov 2026 11:33 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, क्राइस्टचर्च
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, क्राइस्टचर्च Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 28 Nov 2026 11:33 AM IST
सार

IND vs NZ 2nd Test Day 2 Highlights: दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन जवाब में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। आकाश दीप के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद भी टीम इंडिया मुश्किल में है। अब तीसरे दिन कौन संभालेगा पारी और क्या भारत न्यूजीलैंड की बढ़त को कम कर पाएगा?

विज्ञापन
IND vs NZ 2nd Test: India in Trouble After Poor Fielding and Batting Collapse, Christchurch Day-2 Highlights
भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट दूसरा दिन - फोटो : BCCI

विस्तार

दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 116 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन पर समाप्त हुई थी। इस लिहाज से भारत 240 रन पीछे है। फिलहाल ध्रुव जुरेल सात रन बनाकर नाबाद हैं। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने भारत के शीर्ष क्रम और मध्य क्रम को झकझोर कर रख दिया। टीम इंडिया नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। वॉशिंगटन सुंदर (10) के रूप में भारत को छठा झटका लगा और इसी के साथ अंपायर ने दिन का खेल खत्म होने की घोषणा की।
विज्ञापन


टीम इंडिया के लिए खराब रहा दूसरा दिन
भारत के लिए दूसरा दिन अच्छा नहीं रहा। पहले भारतीय फील्डर्स ने आकाश दीप की गेंद पर कुछ आसान कैच छोड़े। हालांकि, आकाश दीप ने पांच विकेट जरूर झटके। इसके अलावा कुछ रन आउट के मौके भी गंवाए गए और गेंद के किनारे लेकर कुछ शॉट फील्डरों के सामने गिर गए। इन गलतियों के कारण भारत ने कम से कम 50 अतिरिक्त रन दिए। इसके बाद रही सही कसर भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी कर दी। अब भारत के सामने मैच बचाने की चुनौती है। न्यूजीलैंड के सभी तेज गेंदबाजों ने विकेट लिए हैं और उनकी नजर पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल करने पर होगी। अब देखना होगा कि कल मुकाबले में क्या होता है।
विज्ञापन


दूसरे दिन का सेशन समरी

सेशन

ओवर

रन

विकेट

रन-रेट

पहला सेशन

24

84

3

3.50

दूसरा सेशन

22.1

85

5

3.83

तीसरा सेशन

31.2

57

3

1.82


विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

IND vs NZ 2nd Test: India in Trouble After Poor Fielding and Batting Collapse, Christchurch Day-2 Highlights
यशस्वी, पडिक्कल, शुभमन, पंत - फोटो : ANI
भारत की पहली पारी
भारत को पारी के पहले ही ओवर में शून्य पर पहला झटका लगा। मैट हेनरी ने यशस्वी जायसवाल को क्लीन बोल्ड किया। यशस्वी खाता नहीं खोल सके। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को काइल जेमीसन ने तोड़ा। उन्होंने पडिक्कल को विकेटकीपर ब्लंडेल के हाथों कैच कराया। पडिक्कल 20 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 21 रन बना सके।



जेमीसन ने इसके बाद कप्तान शुभमन गिल को टॉम लाथम के हाथों कैच कराया। गिल 29 गेंद में तीन चौके की मदद से 17 रन बना सके। गिल और राहुल के बीच 26 रन की साझेदारी हुई। फिर ऋषभ पंत ने मैदान पर आक्रामक शॉट्स लगाए, लेकिन ब़ड़े शॉट के चक्कर में वह एक बार फिर विकेट गंवा बैठे। पंत ने 39 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए। पंत और राहुल के बीच 37 रन की साझेदारी हुई। उन्हें जैकब डफी ने जेमीसन के हाथों कैच कराया।

इसके बाद डफी ने केएल राहुल कॉनवे के हाथों कैच कराया। राहुल 80 गेंद में तीन चौके की मदद से 25 रन बना सके। इसके बाद से सुंदर और जुरेल ने संभल कर बल्लेबाजी की। दोनों ने भले ही 12 रन जोड़े लेकिन इसके लिए 91 गेंदें खेलीं। हालांकि, नाथन स्मिथ ने सुंदर को लाथम के हाथों कैच कराया और पवेलियन भेजा। सुंदर 10 रन बना सके। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भारत के लिए यह टेस्ट जीतना बहुत जरूरी है। हार या ड्रॉ रहने पर भारत फाइनल की रेस से लगभग बाहर हो जाएगा। साथ ही गिल एंड कंपनी को यह भी ध्यान रखना है कि भारत को चौथी पारी में बल्लेबाजी करनी है। 

IND vs NZ 2nd Test: India in Trouble After Poor Fielding and Batting Collapse, Christchurch Day-2 Highlights
ब्लंडेल और लाथम - फोटो : ANI
न्यूजीलैंड की पहली पारी
इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी दूसरे दिन 356 के स्कोर पर सिमट गई। भारत के आकाश दीप ने इस पारी में अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया। यह उनका टेस्ट में दूसरा फाइव विकेट हॉल रहा। उन्होंने 31.3 ओवर में 99 रन देकर पांच विकेट लिए। 





शनिवार को क्या क्या हुआ?
शनिवार यानी दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 246 रन से आगे खेलना शुरू किया। आज के दूसरे ही ओवर में अंशुल कंबोज ने ग्लेन फिलिप्स को आउट कर झटका दिया। फिलिप्स 67 गेंद में पांच चौके की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने ब्लंडेल के साथ छठे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद ब्लंडेल ने नाथन स्मिथ के साथ सातवें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को आकाश दीप ने तोड़ा। आकाश ने स्मिथ का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह 45 गेंद में चार चौके की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद काइल जेमीसन ने ब्लंडेल के साथ 33 रन की साझेदारी निभाई। आकाश ने फिर जेमीसन को यशस्वी के हाथों कैच कराया। जेमीसन ने 19 रन बनाए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने हेनरी के दो-दो कैच छोड़ दिए और दूसरे दिन लंच तक न्यूजीलैंड का स्कोर आठ विकेट पर 330 रन रहा।

IND vs NZ 2nd Test: India in Trouble After Poor Fielding and Batting Collapse, Christchurch Day-2 Highlights
आकाश दीप - फोटो : BCCI
110 रन बनाने में बाकी के पांच विकेट गंवाए
दूसरे सत्र में आकाश दीप की गेंद पर गुरनूर बराड़ ने हेनरी का आसान कैच छोड़ा। इसके बाद 346 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को नौवां झटका लगा। भले ही आकाश दीप की गेंद पर भारतीय फील्डर्स ने कैच छोड़े, लेकिन उन्होंने गुरनूर की गेंद पर टॉम ब्लंडेल का कैच लपक लिया। इसके साथ ही ब्लंडेल की 211 गेंद में 89 रन की जुझारू पारी का अंत हुआ। वह शतक से 11 रन दूर रह गए। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे। इसके बाद आकाश दीप ने मैट हेनरी को आउट कर पारी को समेट दिया। हेनरी 25 गेंद में 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आज न्यूजीलैंड ने 110 रन बनाने में अपने बाकी के पांच विकेट गंवा दिए। भारत की ओर से आकाश दीप के अलावा अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला।



 

IND vs NZ 2nd Test: India in Trouble After Poor Fielding and Batting Collapse, Christchurch Day-2 Highlights
लाथम और कॉनवे - फोटो : ANI
पहले दिन क्या-क्या हुआ था?
टेस्ट के पहले दिन न्यूजीलैंड ने पांच विकेट गंवाए थे। पहले दिन उतार-चढ़ाव भरा खेल देखने को मिला था। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। हालांकि, न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों को ज्यादा सफलता नहीं मिलने दी। टॉम लाथम और डेवोन कॉनवे ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। इसके बाद गुरनूर बराड़ ने डेवोन कॉनवे को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे गुरनूर ने कॉनवे को 31 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। न्यूजीलैंड ने महज तीन ओवर के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। पहले आकाश दीप ने कप्तान टॉम लाथम को आउट किया। लाथम ने हालांकि दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 59 रन की पारी खेली और टेस्ट करियर का 32वां अर्धशतक लगाया। उनके आउट होने के बाद अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोल्स (16) को पवेलियन भेजा, जबकि अगले ही ओवर में आकाश दीप ने रचिन रवींद्र को खाता खोले बिना आउट कर दिया। इस तरह 110 रन तक न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई।



इसके बाद डेरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल ने पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला। वॉशिंगटन सुंदर ने मिचेल को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। मिचेल 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर आए और उन्होंने ब्लंडेल के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों को कोई और सफलता नहीं मिलने दी। पहले दिन के आखिरी सत्र में ब्लंडेल और फिलिप्स ने संभलकर बल्लेबाजी की। ब्लंडेल ने अपने टेस्ट करियर का 13वां अर्धशतक पूरा किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed