इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे सत्र की शुरुआत 17 सितंबर से होने जा रही है। आईपीएल के शेष सत्र के आयोजन का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार है। इससे पहले मई में बायो-बबले में कोरोना वायरस की एंट्री के बाद आईपीएल को स्थगित कर दिया गया था। क्योंकि उस दौरान कई खिलाड़ी कोविड-19 की जद में आ गए थे। कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए बीसीसीआई ने दूसरे सत्र का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में करने का फैसला लिया। इंडियन प्रीमियर लीग के शेष सत्र में कई क्रिकेट फैंस अपने कुछ पसंदीदा खिलाड़ियों को खेलते नहीं देख पाएंगे। क्योंकि इन क्रिकेटरों ने दूसरे सत्र से अपना नाम वापस ले लिया है। आइए आपको बतातें है कि आखिर वे कौन से क्रिकेटर हैं जो यूएई में आयोजित होने वाले आईपीएल के बाकी सत्र में अपनी टीमों के लिए नहीं खेलेंगे।
IPL 2021: आईपीएल के दूसरे सत्र में नहीं खेलेंगे बटलर-कमिंस सहित ये खिलाड़ी, जानें पूरी डिटेल
पैट कमिंस
कोलकाता नाइट राइडर्स के तूफानी गेंदबाज पैट कमिंस आईपीएल के दूसरे सत्र में अपनी टीम के लिए नहीं खेलेंगे। केकेआर ने उन्हें साल 2020 की नीलामी में 15 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा था। उसके बाद से कमिंस टीम की तेज गेंदबाजी की रीढ़ की हड्डी बने हुए थे। उन्होंने केकेआर के लिए न सिर्फ गेंद से बल्कि बल्ले से भी जोरदार प्रदर्शन किया है। लेकिन अब यह हरफनमौला क्रिकेटर आईपीएल 2021 के दूसरे सत्र में अपनी टीम के लिए नहीं खेलेगा। इंडियन प्रीमियर लीग में कमिंस के न खेलने की वजह उनकी पत्नी गर्भवती हैं और सितंबर या अक्टूबर के आसपास बच्चे को जन्म देंगी।
जोस बटलर
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर आईपीएल के दूसरे सत्र में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों के चलते इंडियन प्रीमियर लीग से हटने का फैसला लिया है। ऐसा कहा जा रहा कि उनकी भी पत्नी गर्भवती हैं और वह जल्द ही दूसरे बच्चे को जन्म देंगी। इसी लिए बटलर ने आर्ईपीएल के दूसरे सत्र से अपनी टीम से ऩाम वापस ले लिया है। बटलर का न खेलना राजस्थान के लिए तगड़ा झटका है वहीं टीम के स्टार गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी कोहनी की चोट की वजह से बाहर हैं।
एडम जाम्पा
ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जाम्पा को चतुराई भरी गेंदबाजी करने के लिए जाना जाता है। वह आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हैं। लेकिन इस बार जाम्पा आईपीएल 2021 के दूसरे सत्र में टीम के लिए नहीं खेलेंगे। वहीं आईपीएल के पहले सत्र में भी उन्हें एक भी मैच में शामिल नहीं किया गया था। हाल ही में आरसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया था कि जाम्पा आईपीएल के दूसरे सत्र में नहीं खेलेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने जाम्पा के रिप्लेेसमेंट के तौर श्रीलंका के वानेंदु हसरंगा को टीम में शामिल किया है।
रिले मेरेडिथ
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज और आईपीएल टीम पंजाब किंग्स की बॉलिंग का अहम हिस्सा रेले मेरेडिथ भी आईपीएल 2021 के शेष सत्र में अपनी टीम के लिए नहीं खेलेंगे। पंजाब किंग्स ने उनकी जगह टीम में नाथन इलिस को शामिल किया है। 2021 आईपीएल नीलामी में पंजाब किंग्स ने मेरेडिथ को आठ करोड़ रुपये में खरीदा था।