टीम इंडिया के 'सिक्सर किंग' और आईपीएल सीजन-11 में किंग्स इलेवन पंजाब के धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह का बल्ला मैदान पर खामोश चल रहा है। दरअसल, आईपीएल के पिछले दो मैचों में उनका फॉर्म काफी खराब रहा है। पहले मुकाबले में उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 12 और आरसीबी के खिलाफ दूसरे मैच में केवल 4 रन बनाए थे। आइये जानते हैं युवराज को लेकर टीम इंडिया के पूर्व स्टार खिलाड़ी और किंग्स इलेवन पंजाब के सहायाक कोच ने क्या बयान दिया है।
युवराज को पंजाब ने बेस प्राइस 2 कोरड़ में खरीदा है, लेकिन युवराज जिस बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, फिलहाल वो फॉर्म दिख नहीं रहे हैं। हालांकि, आईपीएल से पहले अभ्यास मैच में उन्होंने 125 रनों की आतिशी पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 12 छक्के भी लगाए थे। एक समय में युवराज के साथी रहे पूर्व तेज गेंदबाज खिलाड़ी अजीत अगरकर ने कहा कि, युवराज को रन बटोरने की जरुरत है। वहीं, किंग्स इलेवन पंजाब के सहायक कोच मिथुन मन्हास ने भी युवराज के बारे अपना बयान दिया।
गौरतलब है कि किंग्स इलेवन पंजाब को गत शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। पंजाब की टीम बल्लेबाजों के लिए अच्छी विकेट पर सिर्फ 155 रन बनाकर आउट हो गई थी, जिसके जवाब में बैंगलोर की टीम ने 3 गेंद शेष रहते लक्ष्य को हासिल कर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की।
इस हार के बाद प्रेस से बातचीत करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब के सहायक कोच मिथुन मन्हास ने कहा था, 'हमने 15 से 20 रन कम बनाए थे। उमेश यादव के एक ओवर में मयंक, फिंच और युवराज के विकेट ने हमें बैकफुट पर भेज दिया था। हालांकि, हमें पूरे 20 ओवर खेलने चाहिए थे। हमने गेंद के साथ अच्छा काम किया, लेकिन अंत में बैंगलोर की टीम हमसे बेहतर खेली।'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान युवराज सिंह को लेकर भी सवाल पूछा गया, जिसके जवाब में मनहास ने कहा, 'युवराज ने अभ्यास मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने एक मैच में शतक और इसके अलावा 70 रनों की पारी खेली थी। हालांकि वो सिर्फ एक बड़ी पारी से दूर है।'