भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से 2026 की शुरुआत करेगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मैच रविवार को वडोदरा में खेला जाएगा। यह साल भारत के लिए काफी व्यस्त है और अगले महीने टी20 विश्व कप भी होना है, ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवर की यह सीरीज काफी अहम है। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल चोट के बाद मैदान पर वापसी करेंगे। गिल पिछले कुछ समय से रंग में नजर नहीं आए हैं और उनके पास इस सीरीज के जरिये फॉर्म में वापसी करने का मौका होगा।
रोहित-कोहली का दिखेगा दम
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं। रोहित और कोहली इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे। कोहली शानदार फॉर्म में दिखे थे और उन्होंने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर Ro-Ko की यह जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले रोहित और कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी दो मैच खेले थे।
3 of 7
यशस्वी जायसवाल
- फोटो : BCCI
यशस्वी को बैठना पड़ सकता है बाहर
यह देखना दिलचस्प होगा कि टी20 विश्व कप टीम से बाहर किए जाने के बाद कप्तान शुभमन गिल कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। उनकी फॉर्म पहले से ही चिंता का विषय रही है, वहीं पिछले साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में वह चोट के कारण बाहर रहे थे। गिल की वापसी से यशस्वी जायसवाल को शीर्ष क्रम से बाहर बैठना पड़ सकता है। यशस्वी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में अपना पहला वनडे शतक जमाया था।
श्रेयस अय्यर की होगी वापसी
इस सीरीज से श्रेयस अय्यर की भारतीय टीम में वापसी होगी। श्रेयस पिछले साल अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हो गए थे। वनडे सीरीज के लिए टीम घोषित करते समय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्पष्ट किया था कि श्रेयस का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। श्रेयस ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई टीम की कप्तानी की थी और उन्हें सीओई से फिटनेस सर्टिफिकेट भी मिल गया था। इससे उनके न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने का रास्ता भी साफ हो गया। श्रेयस अय्यर की वापसी से बल्लेबाजी क्रम में चल रहे प्रयोगों पर विराम लगने की उम्मीद है और 31 वर्षीय इस बल्लेबाज का एक बार फिर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करना लगभग तय है।
विकेटकीपर के तौर पर राहुल ही होंगे पहली पसंद
ऋषभ पंत को वनडे टीम में लेने पर काफी चर्चा हुई थी, लेकिन यह स्पष्ट है कि प्लेइंग-11 में विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल ही पहली पसंद होंगे। केएल राहुल की निचले क्रम के बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में भूमिका जारी रहने से ऋषभ पंत के अंतिम एकादश में शामिल होने की संभावना कम है। वहीं, अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने पूरे दमखम के साथ अभ्यास किया, जिससे उनकी उपलब्धता के संकेत मिले हैं।