हरभजन सिंह आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। 3 जुलाई 1980 को पंजाब में जन्में भज्जी टीम इंडिया में वापसी के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। टीम से बाहर हुए उन्हें 2 साल से ज्यादा का समय बीत गया। आईपीएल 2018 में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलने वाले हरभजन सिंह ने 29 अक्टूबर 2015 को मॉडल एक्ट्रेस गीता बसरा से शादी की।
जन्मदिन विशेष: पुलिस अधिकारी से लड़ाई फिर कोच को गाली, ये हैं हरभजन सिंह से जुड़े 7 बड़े विवाद
आईपीएल के दौरान भले ही आपने हरभजन सिंह से ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को गले मिलकर खुशी मनाते देखा होगा। मगर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। दरअसल दोनों के विवाद की वजह जानने के लिए आपको साल 1998 में जाना होगा। वह 17 वर्षीय हरभजन के करियर की पहली वनडे सीरीज थी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी एक मैच के दौरान हरभजन की गेंद पर पोंटिंग स्टंप आउट हो गए। इसके बाद इन दोनों में बहस हो गई। हरभजन पर फाइन भी लगा और एक वनडे का बैन भी झेलना पड़ा था।
हरभजन को उनकी तुनकमिजाजी के लिए भी जाना जाता है। साल 2000 में हरभजन को ट्रेनिंग कैंप के लिए नेशनल क्रिकेट अकादमी, बेंगलुरु भेजा गया था, लेकिन बाद में हरभजन को अकादमी से बाहर कर दिया गया। दरअसल भज्जी को यहां सीनियर स्पिनर प्रसन्ना और श्रीनिवास वेंकटराघवन से गेंदबाजी के गुर सीखने थे। मगर हरभजन ने अकादमी की गतिविधियों में ढंग से भाग नहीं लिया।
पंजाब पुलिस में कार्यरत हरभजन सिंह एक बार पुलिसवाले से भी भिड़ चुके हैं। 2002 में गुवाहाटी में पुलिस ने फोटोग्राफर को होटल के अंदर आने से रोक दिया, जिसके बाद भज्जी पुलिस अधिकारियों से भिड़ गए। कहा जाता है कि धक्कामुक्की के दौरान भज्जी अपना बॉलिंग आर्म भी चोटिल कर बैठे थे। गुस्से में भज्जी और टीम इंडिया के कप्तान सौरव गांगुली ने जिम्बॉब्बे के खिलाफ खेले जाने वाले उस मैच में न खेलने का फैसला कर लिया था। बाद में आयोजकों के मनाने के बाद मामला शांत हुआ।
टीम इंडिया के कोच रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्रेग चैपल को टीम को निचले स्तर पर ले जाने का जिम्मेदार माना जाता है। सितंबर 2005 में जब कप्तान सौरव गांगुली और कोच ग्रेग चैपल के बीच विवाद बढ़ा, तो इसमें हरभजन भी शामिल हो गए। उन्होंने चैपल को उनके व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से लताड़ दिया। भज्जी ने कहा था कि चैपल के तौर-तरीके बहुत कड़े हैं और उनके रवैए से टीम में असंतोष है। इसके बाद पंजाब क्रिकेट बोर्ड ने हरभजन को नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा, वहीं BCCI ने भी उन्हें नोटिस जारी कर दिया।