बॉक्सिंग-डे टेस्ट से ठीक पहले अजिंक्य रहाणे का आत्मविश्वास जागा है। भारतीय उपकप्तान ने गरजते हुए कहा कि, 'अपनी लय और पलटवार करने की मानसिकता के साथ वह बुधवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट में शतक ही नहीं, बल्कि दोहरा शतक भी लगा सकते हैं।
रहाणे ने अब तक दो टेस्ट में दो अर्धशतक की मदद से 164 रन बनाए हैं, लेकिन पिछले साल कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़ने के बाद से तीन अंक में पहुंचने में नाकाम रहे हैं। रहाणे ने कहा कि अगर विदेशों में लगातार जीत दर्ज करनी है तो बल्लेबाजी इकाई को गेंदबाजों का अधिक सहयोग करने की जरूरत है।
30 वर्षीय रहाणे के मुताबिक, 'मुझे यकीन है कि इस मैच में ऐसा होगा। मैं जिस तरीके से बल्लेबाजी कर रहा हूं, शायद शतक या दोहरा शतक भी बन सकता है।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरे लिए अधिक महत्वपूर्ण यह है कि इस बारे में नहीं सोचूं। मैं उस तरह बल्लेबाजी जारी रखनी होगी जैसे मैं अभी कर रहा हूं। मैं स्थिति को थोड़ा बेहतर समझ सकता हूं और अगर मैं इस तरह बल्लेबाजी कर पाया तो यह टीम के लिए बेहतर होगा। निजी उपलब्धियां बाद में भी हासिल की जा सकती हैं।’
भारत को दक्षिण अफ्रीका में 1-2 जबकि इंग्लैंड में इस साल 1-4 से शिकस्त का सामना करना पड़ा और इसका मुख्य कारण बल्लेबाजी क्रम के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रहा। चार मैचों की मौजूदा सीरीज अभी 1-1 से बराबर चल रही है।
भारतीय टीम पर्थ में दूसरी पारी में 140 रन पर ही आउट हो गई थी और उसे 146 रन से हार का सामना करना पड़ा था। रहाणे ने सीरीज में अब तक दो अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने ऐडिलेड में दूसरी पारी में 70 जबकि पर्थ में पहली पारी में 50 रन बनाए।