ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 14 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की वन-डे सीरीज के लिए चोटिल क्रिस लिन की जगह कैमरन वाइट का चयन किया है। इस तरह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को धोखा दिया है, जिन्हें टीम ने इससे पहले भी टीम में सिलेक्ट नहीं किया था।
दरअसल, मैक्सवेल को सिलेक्ट नहीं करने पर कप्तान स्टीव स्मिथ समेत कुछ खिलाड़ियों व टीम प्रबंधन के लोगों ने अपनी राय प्रकट की थी। इस पर काफी बवाल भी हुआ, लेकिन एक बार फिर ऑलराउंडर की वापसी को धक्का लगा है। बहरहाल, कैमरन वाइट की तीन साल के बाद टीम में वापसी हुई है।
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता ट्रेवर होंस ने कहा, ‘वाइट अच्छी फॉर्म में हैं, जो उनके आंकड़े साबित कर रहे हैं। बिग बैश लीग में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में से एक हैं। वह अनुभवी और समझदार हैं। उनकी फील्डिंग भी अच्छी है। हमें जिस तरह के खिलाड़ी की जरूरत है, उस पर वाइट पूरी तरह खरे उतरते हैं।’
एक ओर जहां ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता कैमरन वाइट की तारीफ कर रहे हैं, वहीं क्रिकेटर अपने चयन पर काफी हैरान है। वाइट ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की वेबसाइट से कहा, 'हां मुझे पता था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम में वैकेंसी है, लेकिन मुझे नहीं लग रहा था कि मेरा चयन होगा। मुझे कुछ साल पहले खुद के चयन की उम्मीद थी, क्योंकि मैं अच्छी फॉर्म में था।'
कैमरन वाइट इन दिनों जबर्दस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पिछले साल अक्टूबर में हुए जेएलटी वन-डे कप में वाइट ने 50 से ज्यादा की औसत से रन बनाए। इसके अलावा दाएं हाथ के बल्लेबाज मौजूदा बिग बैश लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। वाइट के अलावा वन-डे टीम में चयन के दावेदार होबार्ट हरीकेंस के ओपनर डार्सी शॉर्ट भी थे, जिन्होंने बुधवार को ब्रिसबेन हीट के खिलाफ सैकड़ा भी जड़ा था।