प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला (शुभदीप सिंह) की हत्या के दर्द ने पंजाब की सियासत को पूरी तरह से बदल दिया है और अब सूबे की सियासत, सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के इर्दगिर्द घूमने लगी है। सियासत के बदले रुख को भांपते हुए सूबे की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी ने संगरूर लोकसभा चुनाव के लिए अपना पैंतरा बदल दिया है। जबकि इससे पहले कई बडे़ सेलिब्रिटी व अन्य शख्सियतों के नाम की चर्चा थी।
2 of 5
Sidhu Moose Wala murder
- फोटो : अमर उजाला
पार्टी ने गांव घराचों के सरपंच गुरमेल सिंह को उपचुनाव में उतारकर एक तीर से कई निशाने साधने की कोशिश की है। हालांकि यह मतदाताओं पर निर्भर रहेगा कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पनपा जन आक्रोश उपचुनाव में अपना रंग दिखाएगा अथवा नहीं लेकिन आप पार्टी ने लोगों की नब्ज को टटोलते हुए साधारण परिवार के सरपंच गुरमेल सिंह को मैदान में उतारा है।
3 of 5
Sidhu Moose Wala murder Case
- फोटो : अमर उजाला
सियासी जानकार मानते हैं कि आम आदमी पार्टी ने लोगों में अपनी छवि को बचाने के लिए आम कार्यकर्ता को लोकसभा उपचुनाव में उतारा है। यह पार्टी से दूर हो रहे समर्थकों को करीब लाने की कोशिश है। इससे पहले प्रथम चरण के राज्यसभा सदस्यों के चयन के मामले में पार्टी की खासी फजीहत हुई थी। वीआईपी की सुरक्षा वापस लेने के फैसले का परिणाम सभी के सामने है और तमाम विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर सरकार व आप को चारों तरफ से घेर रहे हैं।
4 of 5
पिता ने पगड़ी उतारकर किया लोगों का धन्यवाद
- फोटो : अमर उजाला
तमाम विपक्षी दल कोशिश में हैं कि संगरूर उपचुनाव में किसी ऐसे नामवर व्यक्ति को चुनाव मैदान में उतारकर समर्थन दिया जाए जिससे आम आदमी पार्टी को गंभीर चुनौती मिल सके। सोशल मीडिया पर विभिन्न दलों के नेताओं द्वारा इस संबंध में जमकर प्रचार किया जा रहा है कि गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू को चुनाव मैदान में उतारा जाए और यही सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि होगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत अन्य नेता ऐसी अपील कर रहे हैं। इस बीच सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब में बढ़ते अपराधों को लेकर आप सरकार की खिंचाई की। उन्होंने कहा कि भगवंत मान पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
5 of 5
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिता ने किया चुनाव लड़ने से मना
गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से पंजाब में सियासत गर्म है। अब मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को संगरूर उपचुनाव में उतारने की मांग तेज हो गई है। कांग्रेस ने इसका समर्थन किया है। उन्होंने सभी दलों से इसे समर्थन देने की अपील भी की है। हालांकि आम आदमी पार्टी यहां से गुरमेल सिंह को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। अकाली दल और भाजपा समेत कांग्रेस ने अभी तक किसी नाम का एलान नहीं किया है। हालांकि मूसेवाला के पिता ने इससे इनकार किया और कहा कि अभी मेरे बेटे की भी राख ठंडी नहीं हुई, चुनाव लड़ने का मन नहीं है।