खुद को कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पीए बताने वाले शख्स को पुलिस ने एक होटल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे शुक्रवार दोपहर बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे साथियों समेत 14 दिन की न्यायिक हिरासत में पटियाला जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान परमिंदर सिंह तूर निवासी फ्लैट नंबर-511, एटीएस सोसायटी, डेराबस्सी के रूप में हुई। वह मूलरूप से गांव नगला, जिला फतेहाबाद का रहने वाला है।
जांच अधिकारी एएसआई फूलचंद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस पायलट में गनमैनों के साथ घूम रहा है। वह खुद को राहुल गांधी का पीए बताकर लोगों से उनके काम करवाने का आश्वासन देकर पैसे ऐंठता है। पुलिस ने वीआईपी रोड पर स्थित होटल व्हिसपरिंग में छापेमारी कर आरोपी परमिंदर सिंह को उसके गनमैनों के साथ धर दबोचा। थाने में परमिंदर ने अपना गुनाह कबूल किया।
पुलिस को आरोपी परमिंदर के कब्जे से दिल्ली नंबर की एक रेंज रोवर कार, पुलिस पायलट बत्ती लगी क्रीम रंग की स्कार्पियो कार, वायरलेस सेट व भारी मात्रा में लाइसेंसी व गैर लाइसेंसी हथियार बरामद हुए हैं। खास बात यह है कि आरोपी ने स्कार्पियो पर तिरंगा झंडा लगा रखा था, ताकि उस पर किसी को शक न हो।
गुलमोहर सोसायटी में गनमैन शराब पीकर मचाते थे शोर
जानकारी के मुताबिक, आरोपी परमिंदर अपने गनमैनों के साथ गुलमोहर सोसायटी के फ्लैट नंबर-360 में रहता था, जो प्रॉपटी डीलर राजा सिंह ने किराए पर दिलवाया था। राजा सिंह ने बताया कि यहां पर उसने 5 महीने बिताए, लेकिन किराया न देने की सूरत में फ्लैट मालिक ने उसका सामान बाहर फेंक दिया, जिसके बाद वह एटीएस सोसायटी में चला गया।