जानिए, पंजाब और हरियाणा के उन 15 होनहार खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने जकार्ता में 18वें एशियन गेम्स 2018 में देश के लिए मेडल जीतकर इतिहास रचे, जानकर गर्व होगा आपको।
हरियाणा की 8 बेटियों ने एशियन गेम्स में 20 साल बाद देश को दिलाया सिल्वर
हरियाणा की 8 बेटियों के सहारे ही एशियन गेम्स में 20 साल बाद भारत को सिल्वर मेडल मिला है। भारतीय हॉकी टीम में हरियाणा की आठ बेटियां खेल रही थी और इन बेटियों ने एशियाड में 14 गोल भी दागे, जिनमें फाइनल में इकलौता गोल भी सोनीपत की नेहा गोयल ने किया। इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने 1998 में बैंकाक में हुए एशियन गेम्स में देश को सिल्वर मेडल दिलाया था। वहीं फाइनल में जिस जापान से हॉकी टीम हारी है, उससे ओलंपिक में लगातार खराब प्रदर्शन के बावजूद भारतीय टीम ने 2-2 पर ड्रा खेला था। जिसके बाद भी टीम बेहतर खेलती रही, लेकिन जापान ने एक ओर गोल करके भारत से मैच छीन लिया। इसके बावजूद एशियन गेम्स में सिल्वर भी हरियाणा व देश के लिए बड़ी उपलब्धि है।
पंजाब हरियाणा के खिलाड़ियों ने हॉकी में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को हराया
भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार को 18वें एशियन गेम्स के पुरुष हॉकी मुकाबले में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को हराते हुए कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में मलेशिया से मिली हार के बाद एक बार फिर भारत ने खुद को साबित किया है। हालांकि दोनों टीमों ने अंत तक कोशिशें की लेकिन भारत ने अपनी एक गोल की लीड को आखिर तक बचा कर रखा। आकाशदीप सिंह ने मैच के तीसरे मिनट में ही गोलकर भारत का खाता खोला। हरमनप्रीत सिंह ने मैच के 50वें मिनट में गोल कर भारतीय बढ़त को दोगुना कर दिया। पाकिस्तान के लिए इकलौता गोल मोहम्मद आतिक ने किया। दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल में हार लंबे समय तक याद रहेगी क्योंकि टूर्नामेंट को जीतने वाली टीम सीधे ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगी।
बजरंग पूनिया
हरियाणा के के झज्जर जिले के इस पहलवान ने देश को एशियन गेम्स में पहला गोल्ड मेडल दिलाया। 65 किलो फ्रीस्टाइल कुश्ती में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले बजरंग पूनिया ने अपनी जीत दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित किया। बजरंग पूनिया ने फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जापान के पहलवान तकातानी डियाची को 11-8 से हराया। इसके साथ ही वे एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के 9वें पहलवान हो गए। भारत ने एशियाई खेलों में अब तक कुल 10 गोल्ड मेडल जीते हैं। करतार सिंह भारत के ऐसे पहलवान हैं, जो दो एशियाई खेलों (1978 बैंकाक और 1986 सियोल) में गोल्ड मेडल जीते चुके हैं। हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर बजरंग को 3 करोड़ रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
विनेश फोगाट
डॉक्टर ने गेम छोड़ने को कह दिया था, बोला जान को खतरा है। पर विनेश मानी नहीं, खेलने का ऐसा जुनून था कि नई शुरूआत की और वर्ल्ड चैम्पियन बनकर ही सांस ली। हरियाणा के भिवानी के बलाली गांव की विनेश ने महिलाओं की फ्रीस्टाइल 50 किग्रा वर्ग के खिताबी मुकाबले में जापान की पहलवान यूकी आयरी को से हराया। विनेश ने शानदार वापसी करते हुए यह खिताब हासिल किया। इससे पहले विनेश ने 21वें कॉमनवेलथ गेम्स में 50 किलोग्राम की कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। 2016 ओलंपिक फ्री स्टाइल कुश्ती में 48 किलोग्राम भार वर्ग के मुकाबले में विनेश चीन की पहलवान सुनियान के साथ भिड़ते हुए चोटिल हो गई थी। खास बात ये कि विनेश ने एशियन गेम्स 2018 में अपने सफर की शुरुआत सुनियान को हराकर ही की। चोट से उबरने के बाद विनेश ने एक के बाद एक दो गोल्ड मेडल जीतकर खुद को साबित किया।