टीम इंडिया की कप्तान की नौकरी पर आया संकट टल सकता है। वे डीएसपी के पद पर बनी रह सकती हैं, अगर एक ये काम हो जाए तो। इससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
बात हो रही है, क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर की, जिनके डीएसपी पद पर आजकल खतरा मंडरा रहा है। पंजाब सरकार ने महिला क्रिकेट टीम की इस स्टार खिलाड़ी को डीएसपी से डिमोट करके कांस्टेबल बनाने की तैयारी कर ली है। अभी तक सरकार ने इस बारे में आदेश जारी नहीं किए हैं। लेकिन गृह विभाग जल्द ही इस संबंध में फैसला ले सकता है।
वहीं अगर सरकार चाहे तो हरमनप्रीत को शैक्षणिक योग्यता में छूट देकर डीएसपी बने रहने दे सकती है। कुछ समय पहले गोल्डन गर्ल एथलीट मनदीप कौर का भी ऐसा ही केस सामने आया था। एशियन खेलों में तीन और कॉमनवेल्थ में एक गोल्ड जीतने पर अकाली-भाजपा सरकार ने दिसंबर 2016 में मनदीप पंजाब पुलिस में डीएसपी का पद दिया था।
कुछ माह पहले सामने आया कि मनदीप ग्रेजुएट नहीं है तो गृह विभाग ने उसकी नियुक्ति रद्द कर दी थी। लेकिन इस मामले में पुलिस विभाग ने सरकार को बाकायदा सुझाव भेजा था। इसमें लिखा गया था कि मनदीप कौर की नियुक्ति उसकी खेल संबंधी उपलब्धियों के आधार पर हुई थी, न कि शैक्षणिक योग्यता के आधार पर। इसलिए सरकार चाहे तो उसे शैक्षणिक योग्यता में छूट दे सकती है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सर्विस रूल्स में सरकार के पास सिर्फ शैक्षणिक योग्यता बदलने का अधिकार नहीं है। इसके लिए कैबिनेट को उसमें संशोधन पास करना होगा। उसके बाद इन खिलाड़ियों को शैक्षणिक योग्यता में छूट दी जा सकती है। बता दें कि महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हरमनप्रीत को डीएसपी बनाने का एलान किया था।