अब मोबाइल फोन लड़कियों और महिलाओं का 'रखवाला' बनेगा। इसके लिए एक बेहद खास योजना पर काम किया जा रहा है। देखिए क्या और कैसे?
एक जनवरी 2017 से बनने वाले हर मोबाइल फोन में पैनिक बटन होगा जो संकट की घड़ी में महिलाओं का रखवाला बनकर काम करेगा। यही नहीं, वर्ष 2018 से देश भर में जीपीएस लोकेशन बताने वाले मोबाइल की ही बिक्री हो सकेगी यानी बिना पैनिक बटन वाले फोन नहीं बिकेंगे। महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर केंद्र सरकार ने यह खास पहल की है।
नई दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया वुमेन जर्नलिस्ट वर्कशॉप में महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने कहा कि मोबाइल फोन अब हर हाथ में है। अब इसे महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने संचार मंत्रालय के साथ मिलकर फोन में पैनिक बटन की पहल की है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इसके लिए डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकम्युनिकेशन ने ‘पैनिक बटन एंड ग्लोबल पोजिशिनिंग सिस्टम इन मोबाइल फोन हैंडसेट रूल्स 2016’ एक्ट अधिसूचित कर दिया है। जिसके तहत बहुत जल्द काम शुरू हो जाएगा।
ऐसे काम करेगा बटनः मोबाइल फोन के 5 या 9 नंबर बटन पर यह सुविधा मिलेगी जबकि स्मार्ट फोन में ऑन/ऑफ की को तीन बार दबाने से पैनिक बटन सक्त्रिस्य हो जाएगा। इससे परिवार या पुलिस थाने के पास मुसीबत में फंसी महिला की लोकेशन संबंधी जानकारी पहुंच जाएगी और तत्काल उस तक पहुंचने में मदद मिलेगी।