छोरा हो या छोरी, सबका वोट जरूरी.. युवा शक्ति की यही पहचान, सेवा, शिक्षा और मतदान.. इन नारों से सोमवार की सुबह पंचकूला सेक्टर-15 गूंज उठा, देखिए तस्वीरें।
अमर उजाला मतदाता जागरूकता अभियान के तहत पंचकूला में सेक्टर 15 के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें कई स्कूलों के करीब दो हजार से भी अधिक बच्चे शामिल रहे। इस रैली को पंचकूला जिले के उपायुक्त डॉ. बलकार सिंह और अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन अफसर (डीईओ) एचएस सैनी भी मौजूद रहे।
रैली सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल सेक्टर-15 से शुरू हुई और सेक्टर-15 के विभिन्न इलाकों से होती हुई वापस करीब 10 बजे स्कूल पर आकर संपन्न हुई। रैली का आयोजन 12 मई को प्रदेश में होने वाले लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं को वोटिंग के प्रति जागरूक करने के लिए किया गया। रैली में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल सेक्टर-15, मानव मंगल स्कूल, न्यू इंडिया स्कूल, शॉपिंस स्कूल, ब्लू बर्ड स्कूल समेत अन्य स्कूलों के बच्चे शामिल रहे।
रैली को हरी झंडी दिखाने से पहले उपायुक्त डॉ. बलकार सिंह ने अमर उजाला की ओर से मतदान जागरूकता के लिए तैयार किए गए शपथ पत्र पढ़कर बच्चों को शपथ दिलाई कि वे परिवार समेत कम से कम पांच लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे। रैली के दौरान बच्चों ने सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो.., छोरा हो या छोरी, सबका वोट जरूरी आदि नारे लगाकर पंचकूलावासियों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
नारे सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और रैली की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर लाइव शेयर किया। रैली के समापन पर सभी बच्चों ने संकल्प लिया कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों को वोट डालने के लिए जागरूक करेंगे। रैली सेक्टर-15 गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से रवाना होकर हॉलमार्क पब्लिक स्कूल, न्यू इंडिया स्कूल, ब्लू बर्ड स्कूल, सेक्टर-15 मार्केट से होते हुए वापस गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-15 में संपन्न हुई।