हरियाणा के रेवाड़ी में शुक्रवार को पड़ोसी जिला महेंद्रगढ़ की ओर से टिड्डी दल प्रवेश कर गया। करीब पांच गांवों में फसलों को प्रभावित करने के बाद हवा के रुख के साथ टिड्डी दल राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर गया। गनीमत रही कि हवा की दिशा के अनुसार चलने वाले इस दल ने केवल तीन-चार गांवों को ही अपनी चपेट में लिया। जैसे ही दल का हमला हुआ तो किसान अपनी फसलों को बचाने खेतों की ओर दौड़ पड़े। गांव नांगल जमालपुर, बोहका, ऊंचा सहित कुल पांच गांवों को अपनी चपेट में ले लिया।
जिला प्रशासन ने टिड्डी दल के प्रवेश करते हुए दल नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला उपायुक्त ने कहा कि कृषि, राजस्व, पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभाग टिड्डी दल के हमले को लेकर सजग व सतर्क रहें। सभी विभाग मिशन मोड में कार्य करें और किसानों को बचाव के बारे में जागरूक करें। कृषि विभाग की विशेष रूप से जिम्मेदारी है कि इस बारे में किसानों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करें।
रोकथाम के लिए क्लोरपैरिफोस (20ईसी) दवा का प्रबंध करने के निर्देश कृषि विभाग को दिए गए हैं। कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि जागरूक किसान टिड्डी दल के आगमन पर अपने खेत को नुकसान से बचाने को क्लोरपैरिफोस दवाई का छिड़काव करना चाहते हैं। ऐसे इच्छुक किसानों को यह दवाई विभाग 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराएगी।
उप निदेशक कृषि कार्यालय में 24 घंटे जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। लोग दूरभाष नंबर 01274-222322 और मोबाइल नंबर 9467259229 (रविन्द्र कुमार, कृषि विकास अधिकारी, पौधा संरक्षण), ब्लॉक कृषि अधिकारी कोसली को नंबर 8684888854 तथा सतीश एडीओ नाहड़ को मोबाइल नंबर 9812470692 पर टिड्डी दल के हमले की सूचना दे सकते हैं।
5 of 5
फाइल फोटो
- फोटो : Social media
जिले में सभी ट्रैक्टर चलित स्प्रे पंप रखने वाले किसानों व अग्निश्मन यन्त्र को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कृषि विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सीमावर्ती गांवों में टिड्डी दल से बचाव के तरीके जैसे ढोल-नगांड़े, डीजे बजाकर टिड्डी दल को भगाने के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि टिड्डी दल के आगमन की सूचना अहम है, इसलिए कृषि विभाग के अधिकारी सीमावर्ती जिलों के कृषि उप निदेशकों से लगातार संपर्क में रहें और टिड्डी दलों की वास्तविक स्थिति की निरंतर जानकारी से अपडेट रहें और संबंधित एसडीएम को भी जानकारी देते रहेंगे।