कॉमेडी किंग कपिल शर्मा की 'बीवी' आजकल एक नए शख्स के साथ नजर आ रही हैं। वहीं उनका अंदाज भी कुछ बदला बदला सा है, यकीं नहीं आता तो देखिए तस्वीरें।
दरअसल, कॉमेडी नाइट्स विद कपिल शर्मा शो से जुड़ी सुमोना चक्रवर्ती अपने नए सीरियल 'देव' की प्रमोशन में बिजी हैं। इसी के चलते वे सीरियल की स्टार कास्ट के साथ अमर उजाला के सेक्टर-9 स्थित कार्यालय पहुंची। यहां उनके साथ आशीष चौधरी भी मौजूद रहे। इस दौरान सुमोना ने जहां सीरियल के बारे में बात की, वहीं कपिल शर्मा को लेकर पूछे गए सवालों के भी जबरदस्त जवाब दिए।
सुमोना ने बताया कि कपिल शर्मा और देव (आशीष चौधरी) के साथ काम करने का मजा अलग-अलग है। एक ओर कपिल का शो कॉमेडी से भरा है तो दूसरी ओर देव एक सस्पेंस थ्रिलर है। इन दोनों की यूएसपी भी अलग अलग है। उन्होंने कहा कि देव में मीरा की भूमिका निभाना और कपिल शर्मा शो में सरला का किरदान निभाने में काफी अंतर है। कपिल शर्मा शो में कॉमेडी और इस शो में संजीदा भूमिका है।
सुमोना ने कहा कि कपिल शर्मा का स्वास्थ्य अब ठीक है। वे डिप्रेशन में नहीं है, बेवजह अफवाह उड़ाई जा रही है। हाल ही में मैंने कपिल के साथ शूटिंग की है। मैंने खुद को रिफ्रेश करने के लिए थोड़े दिनों का ब्रेक लिया था। पर अब मैं लौट आई हूं, मैंने शो नहीं छोड़ा था और न ही छोडूंगी। शो भी बंद नहीं होगा, वो जैसे चलता था वैसे ही चलता रहेगा, किसकी जिंदगी में उतार चढ़ाव नहीं आते।
डबल धमाल फेम एक्टर आशीष चौधरी कहते हैं कि अगर आप सोचते हैं कि एक्टिंग से पैसा कमाया जा सकता है तो ऐसा नहीं है। बॉलीवुड या एक्टिंग तो समर्पण है। इसमें जितना ग्लैमर है उतनी ही ज्यादा मेहनत है। वर्ल्ड डिजनी के होस्ट के बाद खतरों का खिलाड़ी और उसके बाद डबल धमाल मचाने के बाद अब मैं एक नए रंग जासूस के रूप छोटी स्क्रीन पर दिखाई दूंगा। इस भूमिका को लेकर मैं काफी रोमांचित हूं।