लोगों के लिए बड़ी राहत, अब न कोई डाक गुम होगी और न ही कोई मनी ऑर्डर। क्योंकि भारतीय डाक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं, आप भी जान लिजिए।
निजी कंपनियों को टक्कर देने के लिए अब डाकघर और डाकिए हाईटेक होने जा रहे हैं। आपको मिलने वाली डाक या पार्सल की डिलीवरी सूचना उसी समय मुख्य डाकघर में पहुंच जाएगी। इसके लिए सभी डाकियों को एक हैंड डिवाइस दी जाएगी। मोबाइल की तरह काम करने वाली इस डिवाइस से ही आपके डिजिटल हस्ताक्षर लिए जाएंगे।
खास बात यह है कि इसमें जीपीएस लगा होगा, जो डाकिए की सटीक लोकेशन डाकघर तक पहुंचाता रहेगा। इससे पारदर्शिता के साथ ही समय की भी बचत होगी। रोहतक के मुख्य डाकघर के प्रवर पोस्टमास्टर एसके मान ने बताया कि इस नई डिवाइस की समझ के लिए 24 से 26 जुलाई तक डाकघरों के अधिकारियों को इंजीनियरों ने ट्रेनिंग भी दी है। 27 से 29 जुलाई तक सभी डाकियों और कर्मचारियों को इससे अवगत कराया जाएगा।
एक महीने के अंदर ही सभी जगह पर इसका प्रयोग शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इसका फायदा गांव के क्षेत्रों में अधिक होगा, जहां डाकियों के काम में पारदर्शिता बढ़ेगी। डिवाइस चार्जिंग के लिए 200 से अधिक गांवों में सोलर सिस्टम भी लगवा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि रुपयों और चिट्ठी के लेनदेन में कई बार दिक्कतें आतीं थी। घर में किसी के नहीं होने या मनी आर्डर पर हस्ताक्षर करने में डाकिए पर सवाल उठाए जाते थे। अब इसमें भी सुविधा रहेगी।
आपके घर से लेकर जाएंगे डाक, नहीं लगेगा अतिरिक्त चार्ज
निजी कंपनियों की तर्ज पर डाकघर ने भी घर से डाक लेने की योजना को अमलीजामा पहना दिया है। माईऱ् फ्रैंड योजना के तहत अब डाकिया आपके घर से ही डाक या मनी आर्डर लेकर जाएंगे। इसकी शुरुआत सितंबर माह से हो जाएगी।