शामली में प्रख्यात भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद उनकी ही कार में बेटे का शव लेकर फरार हत्या आरोपी को पुलिस ने मंगलवार की रात पानीपत टोल प्लाजा के पास दबोच लिया। आरोपी ने पानीपत में ही कार में भजन गायक के बेटे का शव डालकर आग लगा दी। इस पूरे हत्याकांड को लेकर प्राथमिक तौर पर कई खुलासे हुए हैं...
शामली में भजन गायक, उसकी पत्नी और बेटी को मारा, पानीपत में बेटे का शव जलाया, पढ़ें कई खुलासे
ज्यादा वजन होने की वजह से सिर्फ भगवत का शव ही डाल सका
पुलिस के मुताबिक हत्या आरोपी भजन गायक, पत्नी, बेटी और बेटे के शवों को कार में डालकर ठिकाने लगाने वाला था लेकिन बेटे भागवत का शव कार में डालने के बाद बेटी का शव भारी होने की वजह से उठा नहीं सका। जिस पर सिर्फ भागवत के शव को ही लेकर ईको स्पोर्ट कार समेत भाग गया। गौरतलब है कि 30 दिसंबर की रात आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के पंजाबी कालोनी निवासी अंतरराष्ट्रीय स्तर के भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी स्नेहा और बेटी वसुंधरा की गला रेत कर और बेटा भागवत की गला दबाकर हत्या की गई थी। गत 31 दिसंबर को जब एक युवक भजन गायक के घर हार्मोनियम लेने आया तो हत्या का पता चला।
भजन गायक को दिए थे 60 हजार रुपये, मांगने पर मारे थे थप्पड़
पुलिस के मुताबिक हत्या आरोपी हिमांशु ने पूछताछ में बताया कि वह अजय पाठक के पास पिछले ढाई साल से काम करता था। बहन की शादी के लिए पंजाब एंड सिंध बैंक से पांच लाख का लोन लिया था। इसी रकम में से भजन गायक को 60 हजार रुपये दिए थे। अब वह बैंक लोन की किस्त नहीं भर पा रहा था और भजन गायक रकम वापस नहीं कर रहे थे। बैंक ने उसे पांच माह पहले लीगल नोटिस भी भेजा था। जब लीगल नोटिस को एक माह बचा तो वह रुपये मांगने गया। जहां भजन गायक ने उसे तीन बार थप्पड़ मारे। जिसके चलते उसने हत्या कर दी।
120 रुपये पेट्रोल लेकर कार में लगाई आग
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि 30 दिसंबर की रात वारदात के बाद घर पर ताला लगाया और 31 दिसंबर की रात को वापस आकर सभी सदस्यों के शव को ठिकाने लगाने की प्लान था। जिसके बाद वह पाठक के बेटे भागवत के शव को लेकर पहले शामली उसके बाद कैराना गया। वहां से वह दिल्ली की तरफ भाग गया और फिर पानीपत की तरफ चला। वह समय काटना चाहता था लेकिन इस दौरान उसे अपना भंडाफोड़ होने की खबर पता चली, जिस पर उसने रास्त में पेट्रोल पंप से 120 रुपये का पेट्रोल लिया और पानीपत टोल के पास आकर कार में आग लगा दी।
शव ज्यादा झुलसने से नहीं हो सका पोस्टमार्टम, रोहतक किया रेफर
पानीपत सिविल अस्पताल में डॉ. संजीव और डॉ. मोना ने शव को देखते हुए उसे रोहतक रेफर कर दिया गया है। उनका कहना है कि शव ज्यादा झुलस चुका है, जिसके कारण वह शव का पोस्टमार्टम नहीं कर सकते हैं। इसलिए शव को रोहतक ले जाए। हालांकि चर्चा है कि पोस्टमार्टम एक्सपर्ट डॉ. नारायण डब्बास सिविल अस्पताल में नहीं हैं, जिसकी वजह से शव रोहतक रेफर करना पड़ा।
कंट्रोल रुम में सूचना मिली थी। उसी के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया था। वहीं आरोपी का पीछा करते आ रही शामली पुलिस को उसे देर रात हैंडओवर किया गया। वहीं गाड़ी के अंदर मिले मृतक भागवत के शव को पानीपत शव गृह में रखवा दिया गया था। - अनिल कुमार, एसएचओ, 13-17 थाना।